कोटा. पहले ब्रॉडबैंड उपकरण आने का इंतजार रहा अब उपकरण लगने के बाद उपभोक्ताओं को कनेक्शन मिलने का बेसब्री से इंतजार है। नए उपकरण लगने के बाद केवल नयापुरा में 50 नए ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिए गए हैं, जबकि शहरभर में 15 सौ उपभोक्ताओं ने आवेदन कर रखा है।
वैसे तो मार्च 2008 तक बीएसएनएल का शहर में साढ़े छह हजार ब्रॉडबैंड कनेक्शन देने का लक्ष्य है और बीएसएनएल अधिकारी निर्धारित समय तक कनेक्शन देने की बात कह रहे हैं। उन आवेदकों को बीएसएनएल ने छका दिया है, जिन्होंने कई महीनों से ब्रॉडबैंड कनेक्शन के लिए आवेदन कर रखा है। इस लाइन में अभी 15 सौ से अधिक आवेदनकर्ता हैं। उन्हें पहले लंबे समय तक उपकरण आने का फिर उपकरण की इंस्टॉलिंग होने तक इंतजार करना पड़ा। यह सब पूरा होने में कई महीने बीत गए। अब जब उपकरण लग गए तो उपकरण की टेस्टिंग में भी काफी समय लिया जा रहा है।
20 के बाद से मिलेंगे कनेक्शन
* बीएसएनएल के महाप्रबंधक एचएस शर्मा ने बताया कि शहर में बीएसएनएल के अधिकतर एक्सचेंज पर उपकरण लगा दिए गए हैं। सबसे पहले नयापुरा से कनेक्शन देना शुरू किया गया वहां कनेक्शन मिल रहे हैं। सभी जगह उपकरणों की टेस्टिंग चल रही है। 20 दिसंबर के बाद से कनेक्शन मिलना शुरू हो जाएंगे।
—एचएस शर्मा, महाप्रबंधक, बीएसएनएल, कोटा