कानपुर. चोर को पकड़ने के लिए चोर.. अजीब है लेकिन कानपुर पुलिस ने यही तरकीब निकाली है शहर में बढ़ते अपराध पर काबू पाने के लिए।
पुलिस शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हिस्ट्रीशीटरों के सुझाव ले रही है और यह भी जान रही है कि अपराध में जुड़ने वाले नए लोगों पर कैसे निगाह रखी जाए। इस योजना का नाम रखा गया है हिस्ट्रीशीटर फ्रेंड।
वरिष्ठ एसपी आनंद स्वरूप ने कहा है कि मैंने शहर के पुलिस स्टेशनों को लिखा है कि वे अपने-अपने इलाकों के मंझे हुए बदमाशों की एक सूची बनाकर दें। हमारी योजना है कि शहर में अपराध पर काबू पाने के लिए उनकी मदद लेना बेहतर होगा।
स्वरूप ने कहा कि तकरीबन 5000 पुराने अपराधियों के नाम थानों में दर्ज हैं लेकिन इनमें से कुछ को पुलिस विभाग इस बारे में चर्चा के लिए बुलाएगा। पुलिस की मदद करने के एवज में इन्हें कुछ राशि भी दी जा सकती है। इस योजना पर ईद के बाद अमल किया जाएगा।