Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई. सेंसेक्स और निफ्टी के लिए आज का दिन बेहद बुरा रहा। आज पूरे दिन चौतरफा मुनाफावसूली के कारण बांबे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 769.48 अंक गिरकर 19261.35 अंकों पर बंद हुआ वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में एतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी 270.70 अंक गिरकर 5777 अंकों पर बंद हुआ। गिरावट के लिहाज से यह सेंसेक्स का भी दूसरा सबसे बुरा दिन रहा।
आज धातु क्षेत्र सात फीसदी से ज्यादा गिरा जबकि तेल व गैस, पीएसयू और अचल सम्पत्ति क्षेत्र में पांच फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। बाकी क्षेत्रीय सूचकांक भी बड़ी गिरावट में बंद हुए और कोई भी सूचकांक बढ़त पर नहीं रह सका।
आज सेंसेक्स में शामिल तीस शेयर में से केवल हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर बढ़त था जो लगभग 0.75 फीसदी ऊपर बंद हुआ। यहां डीएलएफ, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफसी, ओएनजीसी, टाटा मोटर्स, हिंडाल्को, रिलायंस कम्युनिकेशन, भेल और भारती एयरटेल के शेयर सबसे ज्यादा गिरावट पर बंद हुए।
आज सुबह बाजार खुलने के पांच मिनट के भीतर ही सेंसेक्स 77.61 अंकों की गिरावट के साथ 19,953.22 अंकों के स्तर पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी गिरावट का दौर देखा गया। निफ्टी खुलते ही 56.55 अंकों की गिरावट के साथ 5991.15 अंकों के स्तर पर पहुंच गया।