मेलबोर्न .भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान अनिल कुंबले के सभ्य और शालीन व्यक्तित्व के बावजूद भारत के पूर्व कोच जॉन राइट व ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जॉन बुचानन का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के लिए कुंबले कड़े प्रतिद्वंद्वी साबित होंगे। इनके अनुसार ऑस्ट्रेलिया के भ्रमणकारी टीम के कप्तान को निशाना बनाने का पुराना फॉमरूला इस बार असफल रहेगा।
दोनों का मानना है कि भारतीय टीम की कप्तानी काफी मजबूत हाथों में है। चार टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान मेजबानों के लिए कुंबले का मनोबल तोड़ना कठिन होगा। ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस ने राइट के हवाले से कहा, ‘वे कप्तानी के लिए अच्छी पसंद हैं। वे कभी भी पीछे नहीं हटते और मुझे उनका यह आक्रामक रवैया पसंद है। मैं उनकी सकारात्मक सोच से प्रभावित हूं।’
ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व में जिमी एडम्स, नासिर हुसैन, ग्रीम स्मिथ और एंड्रयू फ्लिंटाफ जैसे मेहमान टीमों के कप्तानों को हमेशा निशाना बनाया है। राइट की तरह बुचानन का भी मानना है कि कंगारू टीम की यह रणनीति कुंबले के खिलाफ पूरी तरह असफल रहेगी।
बुचानन ने कहा, ‘वे भारतीय टेस्ट टीम के आदर्श कप्तान हैं। मेरे विचार से न केवल युवा बल्कि सीनियर खिलाड़ी भी उनका पूरा सम्मान करते हैं। यह उनकी कप्तानी की काबिलियत के लिए परीक्षा का समय है, लेकिन मुझे लगता है कि वे इसमें पूरी तरह सफल रहेंगे।’
इस बीच राइट ने भारतीय टीम को मैदान पर गैर जरूरी आक्रामकता दिखने से बचने की सलाह भी दी है।