News
International International रियाद. सऊदी अरब के शाह अब्दुल्ला ने बलात्कार की शिकार एक युवती को माफी दे दी है। उसे एक पुरुष के साथ अकेले पाए जाने के आरोप में छह माह के कारावास और दो सौ कोड़े लगाए जाने की सजा सुनाई गई थी।
पूर्वी सऊदी अरब के शहर कतिफ की इस युवती के साथ वर्ष 2006 में सात लोगों ने बलात्कार किया था। जिस समय यह घटना हुई, उस समय वह एक व्यक्ति के साथ कार में थी। शुरू में उसे कुछ महीनों की कैद और 90 कोड़ों की सजा सुनाई गई थी। वह ऐसे व्यक्ति के साथ एकांत में पाई गई थी, जो उसका रिश्तेदार नहीं था। सऊदी कानून के मुताबिक यह अपराध है। घटना के समय 19 वर्ष की रही युवती ने कहा था कि वह उस व्यक्ति से अपना फोटो लेने गई थी, क्योंकि उसका हाल ही में विवाह हुआ था।
अपील की तो बढ़ाई सजा :
सजा के खिलाफ युवती के अपील करने पर सर्वोच्च न्यायिक परिषद ने सजा बढ़ाकर छह माह की कैद तथा 200 कोड़े कर दी तो इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोरदार विरोध हुआ। बलात्कार करने वाले सात लोगों को भी शुरू में 10 माह से पांच साल की कैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अपील के बाद इसे बढ़ाकर दो से नौ साल का कारावास कर दिया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने सजा सुनाए जाने की खबर पर कहा था कि यदि यह युवती उनकी बेटी होती तो पता नहीं उनकी प्रतिक्रिया कैसी होती।
वर्जन :
‘माफी का मतलब यह नहीं है कि शाह को जजों पर संदेह है। यह कदम उन्होंने लोकहित में उठाया है।’
- अब्दुल्ला बिन मोहम्मद अल शेख, सऊदी न्याय मंत्री