Business
Dalal Street Dalal Street नई दिल्ली. यह जरूरी नहीं है कि बाजार में सक्रिय शेयरों को ही खरीदकर आप अमीर हो सकते हैं बल्कि जो कंपनियां बहुत पहले बंद हो चुकी हैं, उनके शेयर सर्टिफिकेटों की मांग है, वह भी हजारों रुपए के दाम में।
ऐतिहासिक दृष्टि से मूल्यवान इस तरह के सैकड़ों शेयर सर्टिफिकेटों की बिक्री पिछले दिनों इंटरनेट पर की गई जिसमें भारतीय उपमहाद्वीप के सबसे पुराने और सबसे बड़े व्यावसायिक बैंक इंपीरियल बैंक के शेयर भी बेचे गए। इंपीरियल 1955 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में तब्दील हुआ था।
दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन नीलामी केंद्र ईबे इंडिया पर इंपीरियल बैंक ऑफ इंडिया के 10 शेयरों के लिए 1953 में जारी किया गया सर्टिफिकेट 400 रुपए में उपलब्ध है। वर्तमान में एसबीआई के हिस्से और 1809 में स्थापित किए बैंक ऑफ बंगाल के शेयर सर्टिफिकेट इंटरनेट पर 750 से 2500 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से उपलब्ध हैं।
एक अन्य 100 साल पुराना सर्टिफिकेट जो 1878 में जारी किया गया था ईबे पर 750 रुपए में मिल रहा है जबकि 85 साल पुराने एक शेयर का दाम करीब 1600 रुपए रखा गया है लेकिन इस 85 साल पुराने शेयर को एक अन्य वेबसाइट स्क्रिपोफिली बेच रही है।
एक कला है यह :
ऐतिहासिक और अब प्रचलन में रहने वाले वित्तीय दस्तावेजों जैसे शेयरों और बॉंड सर्टिफिकेटों को इकट्ठा करने की कला को स्क्रिपोफिली कहते हैं और जो यह इकट्ठा करता है उसे स्क्रिपोफिलिस्ट। यह अंग्रेजी शब्द स्क्रिप (मालिकाना हक) और ग्रीक शब्द फिलोस (चाहना) से मिलकर बना है। अब यह शौक रखने वाले इंटरनेट पर जाकर खुश हो सकते हैं।