नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रवाना होने से पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने ऑसी टीम को कड़ी टक्कर देने की बात कहते हुए कहा कि अभी रिटायर होने का उनका कोई मूड नहीं हे।
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के बाद ऑसी टीम के साथ मुकाबले को लेकर सचिन ने कुंबले की बात को दूसरे ढंग से कहते हुए उम्मीद जताई कि बल्लेबाज बढ़िया स्कोर करेंगे ताकि गेंदबाजों की राह आसान हो जाए।
शेन वॉर्न और ग्लैन मैक्ग्रा की गैर मौजूदगी में नए गेंदबाजी आक्रमण के लिए तैयार ऑसी टीम से भिड़ने के लिए चौथी और शायद आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रहे सचिन ने कहा कि यह दौरा काफी रोचक और चुनौतीपूर्ण होगा।
इंग्लैंड दौरे के बाद से ही सचिन के रिटायरमेंट के बारे में चल रहीं बातों पर सचिन ने कहा कि मैं इन खबरों पर विराम लगाना चाहता हूं। अगर मैं इस बारे में कुछ फैसला करूंगा तो सबको बता दूंगा। फिलहाल मुझे अपने खेल से संतुष्टि और आनंद मिल रहा है।