जालंधर.
सिविल लाईन में वीरवार देर रात लुटेरों ने अश्विनी नाम के व्यक्ति के घर डाका डाला व उनकी हत्या कर दी। अश्विनी के भाई विनय मिश्र नई दिल्ली में डाक्टर हैं। लुटेरों ने घर मालिक की बुजुर्ग मां से मारपीट की और उनके हाथ बांध दिए। लुटेरे करीब तीस लाख की एफडी, हीरे के गहने व अन्य सामान ले गए।
अश्विनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। मानसिक रूप से बीमार 90 वर्षीय राम प्यारी रोज की तरह घर में बोल रही थी। पड़ोसियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
पड़ोसियों ने अश्विनी के भाई को सूचना दी
पड़ोस में रहते नेपाली युवक व एक अन्य व्यक्ति ने अश्विनी के शव को बाथरूम में पड़ा देखा। पड़ोसी संधू ने अश्विनी के भाई ओंकारनाथ मिश्रा को चंडीगढ़ फोन कर सूचित किया। शुक्रवार देर शाम वे पत्नी के साथ घर पहुंचे। उस समय तक अश्वनी की लाश अर्धनग्न हालत में बाथरूम में पड़ी हुई थी।
हाथ-पांव और मुंह बंधे हुए थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी वन एस.के कालिया ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। रामप्यारी ने पुलिस को इतना ही बताया कि वीरवार रात चार लोग आए थे। वह उसके बेटे को मार रहे थे। उसने विरोध किया तो उन्होंने उसे भी मारा।