bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

ट्रेन डकैती के पांच आरोपी पकड़े

ग्वालियर. शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 30 नवम्बर की सनसनी खेज पैसेंजर (झांसी-आगरा) डकैती का तीन सप्ताह में खुलासा कर पांच डकैतों को गिरफ्तार कर लिया है। उनका एक साथी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।

जीआरपी थाना प्रभारी आरबीएस भदौरिया ने बताया कि 30 नवम्बर की रात्रि अनंतपेठ-आंतरी स्टेशनों के बीच कुछ बदमाशों ने पैसेंजर ट्रेन में डकैती डाली थी। उस दौरान झांसी निवासी राजकुमार को गोली मारकर घायल कर, डकैत यात्रियों से नगदी, मोबाइल आदि सामान लूट कर ले गए थे। इलाज के दौरान राजकुमार की मौत हो चुकी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त पांच बदमाश सिथौली स्टेशन के पास किसी वारदात की नीयत से छुपे हुए हैं। पुलिस ने छापा मारकर पांचों को शुक्रवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में किशन पुत्र ओमप्रकाश निवासी मीट मार्केट डबरा, नरेन्द्र कोरी पुत्र धनीराम निवासी डबरा, टीकाराम उर्फ तिलक पुत्र बद्रीप्रसाद निवासी बेलगढ़ा, दिनेश पुत्र नारायण सिंह निवासी अरुसी व जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र नारायण सिंह निवासी सिमरियाताल हैं।

पकड़े गए आरोपियों के पास से एक कट्टा 315 बोर, एक राउंड, कुल्हाड़ी व दो मोबाइल मिले हैं। राजकुमार को गोली मारने के पीछे किशन का कहना है कि राजकुमार ने नरेन्द्र को पकड़ लिया था। उसे छुड़ाने के लिए कट्टे से फायर किया गया। गोली मारने वाले किशन की पहचान स्व.राजकुमार की पत्नी राजकुमारी व अन्य फरियादियों ने कर ली है।

बदमाशों तक पहुंचने में डबरा में पदस्थ जीआरपी सिपाही साहब सिंह गुर्जर की अहम भूमिका रही है। इसके अलावा एएसआई जीआर उइके, केवी शर्मा, एमएस यादव, लियाकत खान, चन्द्रभान सहित आंतरी व डबरा की सिविल पुलिस ने डकैतों को पकड़ने में सहयोग किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: