News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. ग्वालियर विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी योजना माधव प्लाजा को आवास एवं पर्यावरण विभाग ने अनुमति दे दी है। अब माधव प्लाजा के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। माधव प्लाजा के निर्माण का मामला तब शासन के पाले में पहुंच गया था जब यहां थ्री स्टोरी बेसमेंट पार्किग के निर्माण के लिए प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार किया था।
हुजरात पुल स्थित पशु चिकित्सालय की भूमि पर बनने वाला यह शापिंग काम्पलेक्स शहर के सेन्ट्रल जोन में आता है, इसलिए यहां बेसमेंट खोदने की अनुमति नहीं है। अनुमति प्राप्त करने के लिए प्रस्ताव शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया था।
इस मामले में मंत्रालय के उप सचिव ने एक पत्र प्राधिकरण को भेजा है जिसमें उल्लेख किया गया है कि माधव प्लाजा के लिए थ्री स्टोरी बेसमेंट पार्किग के निर्माण के लिए अनुमति दी जाती है। इसके बाद अब माधव प्लाजा के निर्माण का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है।
इस बारे में प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने बताया कि बेसमेंट की अनुमति के बाद अब प्राधिकरण जल्द ही नक्शे तैयार कर बुकिंग शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की मंशा है कि यहां 18 मीटर ऊंची इमारत का निर्माण किया जाए। इसके लिए प्राधिकरण से पूर्व में ही सराफा, कपड़ा और अन्य व्यवसायी संघ संपर्क कर चुके हैं।
श्री शर्मा ने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग से एमओयू पूर्व में ही साइन हो चुका है जिसके मुताबिक जल्द ही पशु चिकित्सालय को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर यहां मौजूद निर्माण को गिराने की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सालय को प्राधिकरण की ओर से थाटीपुर में भूमि दी जाएगी या गोला का मंदिर पर। जमीन देने के मामले में अब तक प्राधिकरण किसी निश्कर्ष पर नहीं पहुंचा है।
उल्लेखनीय है कि पशुचिकित्सालय की भूमि शासन ने प्राधिकरण को व्यवसयिक शापिंग काम्पलेक्स के निर्माण के लिए दी है जबकि पूर्व में प्राधिकरण की योजना यहां व्यावसायिक सहआवासीय थी। प्राधिकरण का अभी भी प्रयास है कि शासन प्राधिकरण को व्यावसायिक सहआवासीय काम्पलेक्स बनाने की अनुमति प्रदान करे।
>> प्राधिकरण को थ्री बेसमेंट पार्किग के निर्माण की अनुमति का पत्र प्राप्त हो चुका है, जल्द ही निर्माण की शेष औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी।
किशोर कन्याल, सीईओ जीडीए