नई दिल्ली. गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भाषणों को लेकर चुनाव आयोग संतुष्ट नजर नहीं आ रहा है।
कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भेजे गए नोटिस पर इन दोनों नेताओं के जवाब को जांचने के लिए मिले तीन सदस्यीय आयोग ने सोहराबुद्दीन की हत्या संबंधी मोदी के बयान और गांधी द्वारा मोदी सरकार को मौत का सौदागर बताने वाले बयान को जवाब में जायज ठहराए जाने पर नाखुशी जाहिर की।
बताया गया है कि नोटिस के जवाब को लेकर आयोग नाराजगी जाहिर कर सकता है। गौरतलब है कि मोदी ने नोटिस के जवाब में लिखा था कि जनसभा में सोहराबुद्दीन के बारे में ऐसा बयान देने के लिए उन्हें गांधी ने उकसाया।
वहीं, सोनिया ने अपने जवाब में लिखा था कि उन्होंने मौत के सौदागर टिप्पणी में कोई नाम विशेष नहीं लिया था हालांकि उनके जवाब में इस टिप्पणी के दायरे में मोदी का नाम न होने का स्पष्ट उल्लेख भी नहीं था।