मेलबर्न.आस्ट्रेलिया के विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने खुलासा किया है कि वह कुछ समय पहले तक भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट के बाद संन्यास लेने के बारे में सोच रहे थे।
गिलक्रिस्ट ने कहा कि ब्रेक के बाद शानदार वापसी को देखते हुए मैंने सन्यास की योजना को अनिश्चित समय तक के लिए टाल दिया है। गिलक्रिस्ट ने कहा कि लगातार क्रिकेट खेलने से उनका शरीर थक गया था और वह भारत के खिलाफ आगामी चार मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरुआती मुकाबले में संन्यास लेने के बारे में विचार कर रहे थे। गिलक्रिस्ट टेस्ट मैचों में हमवतन विकेटकीपर इयान हीली के 395 खिलाड़ियों को आउट करने के रिकार्ड को तोड़ने से केवल पांच विकेट दूर है।
गिलक्रिस्ट ने कहा कि यह मेरा आखिरी मैच हो सकता था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मैं अब क्रिकेट से अलविदा लेने के बारे में नहीं सोच रहा हूं। मैं जितना खेल सकता हूं खेलूंगा। गिलक्रिस्ट ने कहा कि क्रिकेट खेलने के लिए मैं खुद में वह जज्बा नहीं ला पा रहा था जिसकी खिलाड़ी को जरूरत होती है। मुझे बहुत थकान लग रही थी। कुछ समय पहले तक मैं अपने भविष्य के बारे में अनिश्चित था लेकिन ब्रेक के बाद अच्छा महसूस कर रहा हूं।
गिलक्रिस्ट ने आश्वासन दिया कि संन्यास की योजना अब ठंडे बस्ते में चली गई है। उन्होंने कहा कि मैं सचमुच क्रिकेट का आनंद उठा रहा हूं। मेरे ऊपर कोई दबाव नहीं है। मुझे लगता है कि मैंने अपने ऊपर दबाव बना लिया था।