नई दिल्ली. महाराष्ट्र में मंत्री नारायण राणे द्वारा मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के खिलाफ साफ तौर पर मोर्चा खोल लिए जाने को कांग्रेस ने शनिवार को प्रथम दृष्ट्या अनुशासनहीनता करार दिया है।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख वीरप्पा मोइली ने कहा कि पार्टी या सरकार में किसी को खुले तौर पर इस तरह की बयानबाजी नहीं करना चाहिए। अगर किसी को कोई समस्या है तो उसे पार्टी फोरम में रखना चाहिए, इस तरह में मीडिया में जाना बिल्कुल ठीक नहीं है।
राणे की बयानबाजी अनुशासनहीनता की श्रेणी में है? इस सवाल के जवाब में मोइली ने कहा कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की तफ्तीश का जिम्मा कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र प्रभारी मारग्रेट अल्वा को दिया गया है।
गौरतलब है कि दो साल पहले शिवसेना छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राणे ने शुक्रवार को राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए देशमुख पर सीधा हमला किया था और सरकार के कामकाज पर असंतोष जाहिर किया था।