HomeNewsMetrosIndore Indore

ऑपरेटर ले उड़ा टूर का उत्साह

इंदौर. chaos सन्मति हायर सेकंडरी स्कूल के 46 छात्र पालकों के साथ खुशी-खुशी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्हें बड़े दिन की छुट्टियां मनाने कुल्लू-मनाली के टूर पर जो जाना था। दो घंटे तक रास्ता देखते रहे। मालवा एक्सप्रेस भी आई और सामने ही चली गई। न टूर ऑपरेटर आया, न स्कूल प्रबंधन के लोग। इस पर वे भड़के और दो घंटे तक प्लेटफॉर्म-5 पर हंगामा मचाया।

स्कूल के अध्यक्ष-सचिव पहुंचे फिर पुलिस हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। स्कूल के 46 छात्र दो महीने से कुल्लू, मनाली, शिमला और दिल्ली टूर की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए स्कूल प्रबंधन ने हर छात्र से 4500 रुपए लिए। उन्हें बताया गया 22 दिसंबर का रिजर्वेशन है।

अभिभावक बच्चों को लेकर शनिवार सुबह 10 बजे ही स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन जाने के आधे घंटे पहले उन्हें बताया टूर ऑपरेटर यूनिक इंटरनेशनल, 16-बी, नौलखा के पी.एस. सलूजा टिकट लेकर नहीं आए। ट्रेन जाने के बाद नाराज छात्र और अभिभावक साथ जाने वाले चार शिक्षकों से विवाद करने लगे।

विवाद बढ़ा तो स्कूल के चेअरमैन दिलीप डोसी व सेक्रेटरी सुनील शाह को वहीं बुलाया। उनके आते ही अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों ने टूर ऑपरेटर को कई फोन लगाए लेकिन जवाब नहीं मिला। विवाद बढने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। ऑपरेटर के खिलाफ संयोगितागंज थाने में लिखित शिकायत भी की गई।

पूरा भुगतान नहीं करने की नाराजी
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक एक दिन पहले ऑपरेटर श्री सलूजा ने चेअरमैन से पूरा भुगतान करने की मांग की थी। उन्होंने टूर पूरा होने पर भुगतान करने को कहा। इस पर दोनों में तनातनी हो गई। स्कूल ने छात्रों से 2.07 लाख लिए और ऑपरेटर को 85 हजार ही दिए।

स्कूल प्रबंधन ने माना कि उनकी भी गलती रही
चेअरमैन दिलीप डोसी ने बताया ऑपरेटर के साथ हमारी भी गलती थी इसलिए छात्र टूर पर नहीं जा सके। हम छात्रों का पूरा पैसा लौटा रहे हैं और ऑपरेटर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण भी दर्ज करवाया जा रहा है। अभिभावक से पत्र लिखकर माफी मांग रहे हैं।

अभिभावक जगदीश माहेश्वरी, कमलेश मित्तल, उषा माहेश्वरी ने बताया दो महीने से बच्चे टूर पर जाने को लेकर उत्साहित थे और खरीदारी भी कर रहे थे। टूर निरस्त होने पर कुछ बच्चों के तो आंसू निकल आए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: