अमृतसर.
माल रोड पर एसएसपी की कोठी से कुछ दूरी पर रिक्शा सवार महिला का बाइक सवार दो युवकों ने पर्स छीन लिया। महिला ने पास में ही चौराहे पर चाय पी रहे पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी दी, लुटेरे पकड़ने की बजाय उनका कहना था कि हम क्या कर सकते हैं। इसके बाद महिला ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करवाई। दर्ज रिपोर्ट मुताबिक पर्स में 50 हजार के जेवरात, दो हजार रुपए और एटीएम कार्ड था।
सिमरन कौर वासी संतगढ़ दिल्ली ने बताया कि वह शाम को शान-ए-पंजाब ट्रेन से अमृतसर में रहते अपने भाई परमिंदर सिंह के घर समारोह में शामिल होने आई थी। शाम पौने चार बजे वह रेलवे स्टेशन से गोपाल नगर के लिए रिक्शा पर निकली।
एसएसपी कोठी के पास पीछे से यामहा पर आए दो युवकों ने उसका पर्स छीन लिया और डैंटल कालेज की तरफ निकल गए। सिमरन कौर ने बताया कि वह रिक्शे पर ही लुटेरों का पीछा करते हुए डैंटल कालेज चौक पहुंची तो वहां तीन पुलिस मुलाजिम चाय पी रहे थे।
सहायता की आशा से उसने पुलिस कर्मियों को लूट की सूचना दी, मगर मुलाजिमों ने उसे थाने का रास्ता दिखा दिया। भाई के घर पहुंचकर उसने परमिंदर सिंह को सारे घटनाक्रम की जानकारी दी। इस पर परमिंदर ने 100 नंबर पर लूट की सूचना दी, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। इस पर दोनों भाई-बहन ने मजीठा रोड थाने में जाकर लूट की शिकायत दर्ज करवाई।
पर्स छीनकर भागे लुटेरे नाके पर काबू
अमृतसर. हाउसिंग बोर्ड कालोनी में युवक को पीटने के बाद दो लुटेरे उसका पर्स छीन कर फरार हो गए। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दोनों को काबू कर पर्स और नकदी बरामद कर ली है।
थाना सिविल लाइन पुलिस ने सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा वासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी और लखविंदर सिंह उर्फ लक्की वासी ढाका कालोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, के रूप में हुई है। गुलजार कुमार वासी हाउसिंग बोर्ड कालोनी सूरज एवेन्यू की शिकायत पर ही पुलिस ने केस दर्ज किया। लुटेरों से जब्त किए गए पर्स से 1700 रुपए निकले हैं।