HomeNewsNational National

नजरबंद नहीं हैं तस्लीमा : प्रणव

कोलकाता. नजरबंद नहीं हैं तस्लीमा : प्रणव विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने इन बातों का खंडन किया है कि बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन को नजरबंद रखा गया है। दूसरी ओर तस्लीमा ने कहा कि वे बीते एक महीने के अपने अनुभवों के बारे में लिख सकती हैं। उन्होंने 17 फरवरी को समाप्त हो रहे उनके वीजा की अवधि बढ़ाए जाने की आशा भी व्यक्त की है।

गौरतलब है कि तस्लीमा ने दो दिनों पहले परोक्ष रूप से अपनी ‘नजरबंदी’ की ओर इशारा करते हुए दावा किया था कि केंद्र सरकार ने उन्हें कोलकाता वापस न जाने के निर्देश दिए हैं। इस बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्री ने कहा, ‘चाहे वे कोलकाता आएं या चेन्नई जाएं, लेकिन वे नजरबंद नहीं हैं’। तस्लीमा फिलहाल दिल्ली में किसी अज्ञात स्थान पर हैं। देश में आए मेहमान के सुरक्षित निवास की हरसंभव व्यवस्था करने की सरकार की नीति का एक बार फिर उल्लेख करते हुए मुखर्जी ने कहा, ‘हमने तस्लीमा से कह दिया है कि वे जब तक चाहें देश में रह सकती हैं। यही हमारे यहां का नियम है’।

आत्मकथा का हिस्सा होंगे अनुभव : दिल्ली में अज्ञात स्थान से तस्लीमा ने कहा, ‘बीते एक महीने में जो कुछ हुआ उससे निश्चित तौर पर मेरा लेखन प्रभावित हुआ है। मैं अपने अनुभव कलमबंध कर रही हूं’। उन्होंने कहा कि ये अनुभव आने वाले दिनों में उनकी आत्मकथा में नजर आएंगे। सामान्य जिंदगी को तरस रहीं तस्लीमा ने कहा, ‘अगर मैं कोलकाता जल्द नहीं लौट सकती तो कम से कम दिल्ली में ही मुझे सामान्य जीवन जीने दें’।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: