हिसार. एसएमएस (शार्ट मैसेजिंग सर्विस) का नेटवर्क जाम होने के कारण त्यौहारों में यदि आपके दोस्तों के पास शुभकामना संदेश काफी दिनों बाद या फिर पहुंचते ही नहीं है तो घबराने की जरूरत नहीं है। इस नववर्ष पर आपके संदेश न सिर्फ सामान्य संदेश की तरह पहुंचेंगे बल्कि नेटवर्क भी जाम नहीं होगा क्योंकि सभी मोबाइल कंपनियों ने अपना इंटेलीजेंट नेटवर्क बढ़ा दिया है।
इस बारे में टेलीफोन रेगुलेटरी ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने विशेष निर्देश जारी किए थे। इन निर्देशों के बाद ही मोबाइल कंपनियों ने यह कदम उठाए हैं। मोबाइल कंपनियों के अधिकारियों की मानें तो इस बार नववर्ष पर इस तरह की समस्या नहीं आएगी।
यह भी रखें ध्यान
फेस्टिवल सीजन में लगभग सभी मोबाइल कंपनियां अपने एमएमएस पैक को दरकिनार कर देती हैं, जिसके बारे में अधिकतर उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी नहीं होती। इस दौरान मोबाइल कंपनियां एक निश्चित अवधि में प्रति एसएमएस का एक रुपए शुल्क लेती है जबकि उपभोक्ता अपने पैक के चक्कर में सैकड़ों एसएमएस कर देते हैं।
हालांकि इस बारे में सभी मोबाइल कंपनियों के कस्टमर केयर सेंटर में जानकारी मिल जाती है कि फेस्टिवल सीजन को उन्होंने किस समय शुरू किया और किस समय खत्म किया है। उस समय से पहले व बाद में किए गए एसएमएस पर एसएमएस पैक की योजना लागू रहती है।
क्या थी समस्या
दरअसल एसएमएस मोबाइल कंपनियों के इंटेलीजेंट नेटवर्क (आईएन) के जरिए होता है और इस नेटवर्क की क्षमता बढ़ाई व घटाई जा सकती है। पिछले काफी समय से फेस्टिवल सीजन में आने वाली नेटवर्क जाम की समस्या को देखते हुए ही ट्राई ने मोबाइल कंपनियों को आईएन की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए थे ताकि उपभोक्ताओं को सही सेवा मिल सके। इन्हीं निर्देशों के बाद मोबाइल कंपनियों ने आईएन की क्षमता बढ़ा दी है।
क्या आती थी दिक्कत
फेस्टिवल सीजन में एसएमएस की संख्या दोगुनी और तिगुनी होने की बजाय कई गुणा बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में आईएन एसएमएस का ट्रेफिक कंट्रोल नहीं कर पाता था और काफी मैसेज जहां 10 से 50 घंटे की देरी से पहुंचे बल्कि काफी मैसेज संबंधित व्यक्ति के मोबाइल तक ही नहीं जा सकते थे।
>> टेलीफोन रेगुलेटरी ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) के निर्देशों के बाद अन्य कंपनियों की तरह बीएसएनएल ने भी अपनी आईएन क्षमता बढ़ा दी है। इस बार उपभोक्ताओं को एसएमएस के दौरान नेटवर्क जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
—राजीव नारंग, उपमहाप्रबंधक, ब्राडबैंड, बीएसएनएल,अंबाला