हिसार. नए साल के पहले सप्ताह से लोगों को राजगुरु मार्केट में वाहन खड़ा करने के लिए पार्किग शुल्क देना होगा। कई साल से मार्केट की पार्किग ठेके पर देने की जद्दोजहद को खत्म करते हुए पुलिस विभाग ने नगर परिषद के साथ मिलकर आखिरकार पार्किग ठेके पर देने का निर्णय ले ही लिया। मार्केट में बन रही सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद पार्किग व्यवस्था नप द्वारा ठेके पर दे दी जाएगी। इस व्यवस्था के लिए बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
क्यों लिया गया निर्णय
शहर की सबसे व्यस्त मार्केट राजगुरु मार्केट में अव्यवस्थित तरीके से पार्किग होने के कारण यहां काफी जाम की स्थिति रहती थी। पुलिस विभाग ने परिषद के साथ मिलकर यहां पार्किग के लिए पीली लाइन तो लगवा दी लेकिन इसके बावजूद लोग अपने वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा करते हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए यहां पार्किग व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने नप के साथ मिलकर इसे ठेके पर देने का निर्णय लिया।
क्या होगा फायदा
नप द्वारा पार्किग ठेके पर देने से ठेकेदार के लोग इसे व्यवस्थित तरीके से रखेंगे। इससे कई बेरोजगारों को रोजगार भी मिलेगा। मार्केट में होने वाली वाहन चोरी की घटनाओं में भी कमी आएगी। पेड पार्किग में वाहन खड़ा करने पर वाहन चालक को पर्ची दी जाएगी और पर्ची दिखाने पर ही वाहन निकालने दिया जाएगा।
कितना होगा पार्किग शुल्क
मार्केट में पार्किग करने वाले वाहनों के लिए पार्किग शुल्क काफी कम निर्धारित किया गया है। यहां पार्किग में वाहन खड़ा करने के लिए दोपहिया वाहन चालकों से 1 रुपया तथा चौपहिया वाहन चालकों से 2 रुपए लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मार्केट के दुकानदारों से 30 रुपए प्रतिमाह लिया जाएगा।
डिवाइडरों पर लगेंगी सोलर लाइटें
शहर के प्रत्येक डिवाइडर, क्रासिंग व चौराहों पर जमीन में छोटी सोलर लाइट लगाई जाएंगी ताकि वाहन चालकों को रात के समय वहां मोड़ होने की स्थिति पता चल सके। इसके लिए जिला पुलिस ने परिषद से बात की है।
परिषद इससे पहले कई चौराहों पर ऐसी लाइट लगा चुका है। यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि पुलिस विभाग के पास इतनी फोर्स नहीं है जो हर चौराहे पर दुर्घटना रोकने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा सके।
हाइवे पर सफेद पट्टी लगाएं
पुलिस विभाग ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को हाइवे पर सड़क के बीच व साइड में सफेद पट्टी दोबारा लगाने को कहा है। ये सफेद पट्टियां समय के साथ धुंधली पड़ चुकी हैं। धुंध के समय पट्टियां दुर्घटना रोकने में काफी सहायक सिद्ध होती हैं।
पुलिस अधीक्षक ने पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को सर्वे कराकर ये लाइनें दोबारा लगाने और प्रमुख दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जमीन में सोलर लाइट लगवाने को भी कहा है।
जेब्रा क्रासिंग बनेंगी
शहर की प्रमुख सड़कों पर स्थित स्कूलों के आगे सड़क पार करने वालों के लिए जेब्रा क्रासिंग बनवाई जाएगी। इसके लिए पुलिस ने चमकदार पेंट से जेब्रा क्रासिंग बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को कहा है।
व्यापारियों से बैठक कल
पुलिस अधीक्षक राजगुरु मार्केट के व्यापारियों के बाद अब नागोरी गेट के व्यापारियों से उनके क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर सोमवार को बैठक करेंगे। बैठक सोमवार को आयोजित की जाएगी।
>> राजगुरु मार्केट में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिषद यहां की पार्किग ठेके पर देगा। मार्केट की निर्माणाधीन सड़क पूरी होने के बाद पार्किग ठेके पर दे दी जाएगी। सोमवार को नागोरी गेट के व्यापारियों से बैठक की जाएगी और शहर में यातायात व्यवस्था के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को भी विभिन्न कार्य करने के लिए कहा गया है।
—शिबास कविराज, जिला पुलिस अधीक्षक, हिसार
>> पुलिस की कार्यनीति में नगर परिषद पूरा सहयोग करेगी। परिषद प्रशासन लंबे समय से इस प्रयास में है कि प्रमुख बाजारों में पार्किग व्यवस्था सही हो जाए।
—बिहारी लाल राड़ा, अध्यक्ष नगर परिषद