जयपुर. आरक्षण मसले पर चोपड़ा कमेटी की रिपोर्ट के साथ राज्य सरकार की ओर से सिफारिश नहीं भेजने से नाराज गुर्जर रविवार को कोटपूतली में महापंचायत करेंगे। गुर्जर छात्रावास में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली महापंचायत में 21 जनवरी को जयपुर में होने वाले महापड़ाव की रणनीति तय की जाएगी।
भाजपा से निलंबित गुर्जर विधायक अतरसिंह भड़ाना ने बताया कि महापंचायत में गुर्जरों के साथ भाजपा सरकार की ओर से लगातार की जा रही धोखाधड़ी का खुलासा किया जाएगा। इसके साथ ही संगठित होकर आरक्षण की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की अपील की जाएगी।
कोर ग्रुप की बैठक आज : संयुक्त गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के कोर ग्रुप की बैठक रविवार शाम सात बजे जयपुर में विधायक प्रहलाद गुंजल के निवास पर बुलाई गई है। विधायक भड़ाना ने बताया कि इस बैठक में आंदोलन की अब तक की समीक्षा और 21 जनवरी के महापड़ाव की तैयारियों के संबंध में रणनीति तय की जाएगी।
कटाक्ष करने वालों को दिखाएंगे काले झंडे : राजस्थान युवा गुर्जर महासभा ने गुर्जरों पर कटाक्ष करने वाले नेताओं को इलाकों में नहीं घुसने देने और काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन का फैसला किया है। महासभा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की शनिवार को जयपुर में हुई बैठक में यह फैसला किया गया। महासभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रमसिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए।