तोशाम. खानक में हादसों का सबब बन चुके हाई प्रोफाइल ब्लास्टिग बंबू सिस्टम ने शनिवार को एक बार फिर पत्थरों की बरसात की। इससे एक जेसीबी, चार दुकानों व कई मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसा शनिवार को करीब पौने बारह बजे के आसपास हुआ।
आसमान से पत्थर बरसते देख ऑटो मार्केट के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और उन्होंने यहां-वहां छिपकर जान बचाई। बाद में हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने हिसार-तोशाम रोड जाम कर दिया। तहसीलदार दाताराम व थाना प्रभारी कुलदीप बैनीवाल से समस्या का समाधान करने का आश्वासन मिलने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम खोला।
शनिवार को ऑटो मार्केट के पीछे एक खान में यह विस्फोट किया गया था। पत्थरों से एक जेसीबी के शीशे टूट गए और जेसीबी के चालक व सहयोगी बाल बाल बचे। इसके अलावा पत्थरों ने जनता कॉलोनी बस अड्डे पर स्थित सत्य इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान के शीशे तोड़ डाले। इसी तरह मुकेश पेंटर की दुकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई जबकि अतिरिक्त भगवानदास व सतपाल की दुकान के शीशे टूट गए।
सुरंग विस्फोट से हुए नुकसान से गुस्साए खानक के ग्रामीणों ने हिसार तोशार रोड जाम कर दिया। इस मौके पर ग्रामीण विजेंद्र, सुबेसिंह, विद्या, भगवानदास, मुकेश, सतपाल, भंवरी, अशोक कुमार, धर्मपाल, सुनील विजेंद ने बताया कि बार-बार पहाड़ से पत्थर आकर गिरकर नुकसान पहुंचाते रहते है लेकिन इस बारे में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कार्रवाई की जाएगी: एसडीएम
घटना के बारे में तोशाम के एसडीएम एचएस पचार ने कहा कि मौके पर अधिकारियों को भेजकर रिपोर्ट मंगवाई गई है। लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।