bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

सरिस्का के जंगल में आग

अलवर. शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित सरिस्का अभयारण्य में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। रात करीब एक बजे तक गधों के जरिये पानी पहुंचाकर आग पर काबू पाए जाने के प्रयास जारी थे।

सरिस्का की अकबरपुर रेंज में बालेटा गांव के समीप जंगल में आग की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी व होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। इन्होंने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और शाम होते-होते करीब आधा किलोमीटर क्षेत्र को घेरे में ले लिया। वन विभाग के कर्मचारी देर रात तक बालेटा गांव से गधों पर पीपों में पानी लादकर आग बुझाने में जुटे हुए थे। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग सूरवाल घास में लगी हुई है।

आ रही हैं परेशानियां : वन विभाग के कर्मचारियों को आग पर काबू करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तेज हवा जहां आग में घी का काम कर रही है, वहीं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण दमकल सहित आग बुझाने का कोई भी साधन वहां तक नहीं पहुंच सकता।

* ‘देर रात तक काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया। दिन के समय तेज हवा के कारण मुश्किलें आ रहीं थीं। आग घास में लगी इस कारण पेड़-पौधों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। सुबह तक आग पूरी तरह बुझा ली जाएगी।’
बाबूलाल जैन, फोरेस्टर, अकबरपुर रेंज

* ‘आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन अभी तक कोई खास सफलता नहीं मिल सकी है। आग घास में लगी हुई है। काफी बड़े क्षेत्र में है।’
राजेश गुप्ता, डीएफओ, सरिस्का





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: