यमुनानगर.
शहर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत एक लेडी डाक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके क्वार्टर के पंखे से लटका हुआ मिला। तीन डाक्टरों के पैनल द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
सहारनपुर की रहने वाली डा. गार्गी चावला (२८) यहां के वरियाम सिंह अस्पताल में करीब दो वर्ष से बतौर डेंटल सर्जन कार्यरत थी। शुक्रवार रात को करीब ११ बजे वरयाम सिंह अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया कि डा. गार्गी का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ है।
सूचना मिलने के बाद एसपी डा. सीएस राव, डीएसपी रामचंद्र व एसएचओ बलजिंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मृतका के परिजनों को सहारनपुर सूचित किया गया।
सहारनपुर से यहां आए मृतका के भाई अरुण चावला (चचेरा) अपने परिजनों के साथ शुक्रवार रात करीब दो बजे वरयाम सिंह अस्पताल पहुंचे। क्वार्टर में डा. गार्गी का शव उसकी ही चुन्नी से पंखे से लटका हुआ था और उसके पैर जमीन को छू रहे थे।
पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लिया और सारे मामले की वीडियोग्राफी कराई। शनिवार सुबह पिपली से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट कुलविंद्र ने मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट लिए। मधुबन से क्राइम ब्रांच की टीम के सदस्य डा. चंद्र व जेआर जैन ने भी गार्गी के कमरे की गहनता से जांच की।
शनिवार को सिविल अस्तपाल में डा. संदीप, डा. कविता जैन व डा. सुनील कुमार के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। एसपी डा. सीएस राव का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद मृतका के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।