भोपाल. राज्यपाल डा. बलराम जाखड़ के सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए एक बाइक सवार उनके काफिले में घुस गया। घटना पालीटेक्निक चौराहे के समीप हुई। इस तरह की घटना मुख्यमंत्री के काफिले के साथ भी हो चुकी है।
राज्यपाल डा. बलराम जाखड़ शुक्रवार की रात होटल नूर उस सबा में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे। रात करीब पौने 11 बजे एक बाइक सवार उनके काफिले में घुस गया। चेतावनी के बाद भी वह बाइक पर करतब दिखाते हुए फर्राटे भरता रहा और कुछ दूर तक काफिले के साथ चलने के बाद भाग निकला।
इसको पकड़ने के लिए राजधानी पुलिस को वायरलैस पर संदेश दिया गया। हालांकि बाइक सवार पकड़ में नहीं आया। शनिवार को ट्रैफिक पुलिस के एएसआई बीएल साहू की शिकायत पर बाइक क्रमांक एमपी04 एमजी-0124 के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
छह महीने पहले मुख्यमंत्री के काफिले में एक बाइक सवार शामिल हो गया था। यह युवक रेतघाट से वीआईपी रोड तक काफिले के साथ-साथ गया, लेकिन पकड़ में नहीं आया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारियों ने काफिले में वाहनों को जिग-जेग तरीके से चलाना शुरू किया है।