भोपाल. बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग की एक अतिथि व्याख्याता से वहीं के एक संविदा शिक्षक ने र्दुव्यवहार किया। एक विषय को पढ़ाने के विवाद को लेकर शिक्षक ने कक्षा में आकर शिक्षिका को भला बुरा कहा। शिक्षिका ने इस घटना की शिकायत कुलसचिव से की है।
विवि के शारीरिक शिक्षा विभाग में शनिवार को कक्षा में पढ़ा रही एक शिक्षिका उस समय अचानक सकते में आ गई जब उसी विभाग के एक शिक्षक दिलीप राठौर ने अपने कुछ साथियों के साथ कक्षा में आकर शिक्षिका के द्वारा संबंधित विषय को पढ़ाने पर आपत्ति की। इस दौरान दोनों में जमकर कहा सुनी हुई।
घटना के समय उपस्थित छात्रों ने बताया कि उक्त शिक्षक ने शिक्षिका को मारने के लिए भी हाथ उठाया। बताया जा रहा है कि काफी समय से इन दोनों के बीच अनबन चल रही है। शिक्षिका ने मामले की शिकायत कुलसचिव को की है।
कुलसचिव ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। इस बारे में शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डा. एचएस यादव ने बताया कि उक्त शिक्षक ने भी शिक्षिका के खिलाफ अपशब्दों का उपयोग करने की शिकायत की है। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
क्या है मामला
सूत्रों के अनुसार इस सारे प्रकरण के पीछे हाल ही में इस विभाग के द्वारा निकाला गया विज्ञापन बताया जा रहा है। दरअसल इस विभाग में कोई भी नियमित शिक्षक नियुक्त नहीं है, इसी वजह से एनसीटीई ने विभाग को नोटिस भी दिया है। इसी के चलते विवि ने शारीरिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है।
बताया जा रहा है कि इस विभाग के वर्तमान शिक्षकों में से ज्यादातर तय मापदंडों के अनुसार आवेदन करने की योग्यता नहीं रखते अत: इन सभी पर अब नौकरी से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। शनिवार की घटना को भी इसी मामले से जोड़ा जा रहा है।
पहले भी हुई हैं शिकायतें
उक्त शिक्षिका ने पहले भी कुलसचिव को तीन बार इस शिक्षक के खिलाफ अपशब्द कहने की शिकायतें की है, लेकिन विवि प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।