News
Metros
Chandigarh Chandigarh मोहाली. मोहाली पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ इंटरनेट के जरिए शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेबसाइट पर डाला था बायोडाटा
मोहाली की 42 साल की सीमा (बदला हुआ नाम) की शिकायत पर थाना फेज-1 में पुलिस ने जालंधर निवासी डी.के.उमेश (46) के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। सीमा ने बताया कि कुछ साल पहले वह अपने पति से अलग रहने लगी थी। वर्ष 2002 में सीमा ने एक वेबसाइट पर दोबारा शादी के लिए अपना बायोडाटा डाला। बायोडाटा के आधार पर डी.के.उमेश ने सीमा से शादी के लिए संपर्क किया।
पहले पति से तलाक करवाने को कहा
सीमा का आरोप है कि उमेश ने खुद को अनमेरिड बताया था। इतना ही नहीं उमेश ने सीमा के पहले पति के साथ उसका कानूनन तलाक करवाने को भी कहा। सीमा का आरोप है कि इस दौरान उमेश लगातार उसके घर आता रहा। उमेश ने कहा कि वह उससे तलाक के बाद शादी कर लेगा।
ह्यूमन राइट्स ने करवाई जांच
सीमा ने पंजाब स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन में शिकायत दी। कमीशन ने डीआईजी हेडक्वार्टर और मोहाली के एसएसपी को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। मोहाली पुलिस ने उमेश के खिलाफ धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया है।
घर आना बंद करने पर हुआ शक
सीमा ने बताया कि जब वर्ष 2005 में उमेश ने उसके घर आना-जाना लगभग न के बराबर कर दिया तो वह जालंधर उसके घर पहुंच गई। वहां जाकर पता चला कि उमेश शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। सीमा ने इस बारे में एसएसपी रोपड़ (मोहाली के जिला बनने से पहले) को शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
>> मुझे इस मामले में फंसाया जा रहा है। यह किसी की साजिश है। जांच में सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।
डी. के. उमेश, आरोपी
>> डी.के.उमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।
आर. एस. खटड़ा, एसएसपी मोहाली