News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. कौन पेग को पहले गटक सकता है, इस बात पर छिड़ी बहस इस हद तक बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे के पेट में गोली दाग दी। शनिवार देर रात मनीमाजरा की मोटरमार्केट के पास शराब के ठेके में यह हादसा पेश आया।
गोली विजय के पेट में लगी और उसे पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टर उसके इलाज में जुट गए हैं। विनोद डीजे ऑपरेटर है, जबकि विजय सरकारी कॉलेज में बीए फाइनल का स्टूडेंट है। दोनों इंदिरा कॉलोनी के रहने वाले हैं।
मौका-ए-वारदात के चश्मदीदधर्म्ेद्र ने बताया कि विजय अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गया तो दूसरे टेबल पर विनोद एक और लड़के के साथ पी रहा था। दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ गई पहले कौन पेग को गटक जाएगा।
विजय इसमें आगे रहा और यह बात विनोद को अच्छी नहीं लगी। वह चुपचाप उठा और बाहर चला गया और कुछ देर के बाद जब वापस लौटा तो उसके हाथ में डबल बैरल गन थी, जिससे उसने विजय पर गोली दाग दी। इसके बाद वह ठेके से भाग गया।
घटना के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विनोद एक थ्रीव्हीलर पर गन समेत भाग रहा है। इसके बाद एसआई रमेश स्कूटर से थ्रीव्हीलर के पीछे लग गया। पुलिस कंट्रोल रूम में थ्रीव्हीलर का नंबर फ्लैश कर दिया गया। सेक्टर-24/25 के राउंड अबाउट पर रात पौने 12 बजे विनोद को एसआई ने पीसीआर की मदद से दबोच लिया।
विनोद ने बताया कि ठेके पर विजय ने उसे थप्पड़ मारा। इसके बाद विनोद घर से गन उठा लाया और विजय के पेट में गोली दाग दी। विनोद का कहना है 5 महीने पहले वह सेक्टर-24 के मुकेश के घर गनमैन की नौकरी करता था। उसी दौरान उसने अपना लाइसेंस बनवाया था।
पुरानी रंजिश:
पुलिस के मुताबिक विजय को उसके जानकार विनोद ने ठेके पर यह कह कर बुलाया कि वह यहां बैठा शराब पी रहा है और आकर देख ले कि कौन कितनी पी सकता है। बताया जाता है कि दोनों में किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी।
इंस्पेक्टर हरि कुमार के मुताबिक ठेके पर पहले से पांच लड़के बैठकर शराब पी रहे थे और बाद में विजय को भी यहां बुलाया गया। शराब के चक्कर में जब बहस ज्यादा बढ़ गई तो विनोद ने यह कदम उठाया। पुलिस ने घटनास्थल से प्वाइंट 12 बोर के कारतूस का एक खोल बरामद किया है।