अजमेर.
दो करोड़ रुपए के नकली नोट अजमेर पहुंचने की इत्तला ने शनिवार रात गंज थाना पुलिस की खासी मशक्कत करा दी। एक युवती के जरिये मिली सूचना पर पुलिस ने होटल पर दबिश दी और वहां ठहरे युवक को धर दबोचा। होटल के कमरे से दो कार्टन भी कब्जे में लिए गए। थाने लाकर कार्टन खोले तो उसमें दो बोरियां निकलीं। युवक-युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना प्रभारी राजेन्द्रसिंह राव के मुताबिक शनिवार रात देहली गेट के बाहर बदहवास युवती को देख पार्षद जयकिशन पारवानी को शक हो गया। युवती के आस-पास कुछ युवक मंडरा रहे थे। पारवानी ने दो महिलाओं को बुलाकर युवती से पूछताछ की। इस बीच, देहलीगेट पुलिस चौकी के सिपाही भी पहुंच गए। युवती ने बताया कि वह एक लड़के के साथ आई है, जो दो करोड़ के नकली नोट चलाने आया है। नकली नोटों के बदले युवक को 25 लाख रुपए मिलेंगे, जिसमें से वह उसे भी हिस्सा देगा।
नकली नोटों की बात सुनते ही सिपाहियों के कान खड़े हो गए। उन्होंने थाना प्रभारी को सूचित किया। पुलिस ने तत्काल होटल रीगल के कमरा नंबर 115 में दबिश दी, जिसमें युवती अपने साथी के साथ ठहरी हुई थी। कमरे की तलाशी लेने पर दो कार्टन मिले। जिन पर टेप चिपका हुआ था। बाद में पुलिस ने कार्टन खोले तो खाली बोरियां मिलीं। पुलिस ने युवक और युवती को धारा 109 के तहत गिरफ्तार कर लिया है, दोनों को रविवार को एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया जाएगा।
आखिर क्यों..
पुलिस के मुताबिक चांदनी ने नकली नोटों की इत्तला क्यों दी, यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। पुलिस को बातचीत और हाव-भाव से चांदनी बानो की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। फोन पर उसके घर बात कर नाम-पते की तस्दीक कर ली है। पुलिस दोनों से नोटों की कहानी की असलियत जानने की कोशिश कर रही है।
आखिर क्यों..
पुलिस के मुताबिक चांदनी ने नकली नोटों की इत्तला क्यों दी, यह फिलहाल साफ नहीं हो पाया है। पुलिस को बातचीत और हाव-भाव से चांदनी बानो की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। फोन पर उसके घर बात कर नाम-पते की तस्दीक कर ली है। पुलिस दोनों से नोटों की कहानी की असलियत जानने की कोशिश कर रही है।
कौन हैं दोनों : पूछताछ में युवक ने अपना नाम अजय कपूर पुत्र मनमोहन कपूर व पता उत्तर प्रदेश के झांसी जिले का बताया है। युवती अपना नाम चांदनी बानो उर्फ चांद पुत्री मन्नू कुरैशी और खुद को यूपी के ही प्रतापगढ़ की रहने वाली बताती है। होटल में अजय कपूर ने अपने नाम से कमरा बुक कराया, लेकिन चांद का नाम श्वेता लिखवाया था।
थाना प्रभारी के मुताबिक अजय कपूर शादीशुदा है। उसका चांदनी से दो-तीन सालों से अफेयर चल रहा है। चांदनी की शादी भी हो चुकी है, लेकिन वह अजय के साथ ही रहना चाहती है। चांदनी दो दिन पहले झांसी जा पहुंची। अजय के मुताबिक उसने चांदनी का अपनी पत्नी से परिचय भी कराया था। बाद में दोनों उदयपुर के केलवा आ गए और शनिवार दोपहर ही अजमेर पहुंचे थे।