लंदन. अगर आप लंबी उम्र चाहते हैं तो सिक्स पैक एब्स और वजन घटाने की चिंता छोड़कर थोड़ा ओवरवेट हो जाएं। इससे आपकी उम्र लंबी हो सकती है। यहां
बिलीनसन अस्पताल के शोधकर्ताओं ने ओवरवेट और सामान्य वजन वाले मरीजों पर एक अध्ययन के बाद इस बात का पता लगाया है।
‘द डेली टेलीग्राफ’ में प्रकाशित अध्ययन के नतीजों के अनुसार, शरीर में सामान्य से ज्यादा चर्बी वाले लोग दुबले-पतले लोगों की अपेक्षा ज्यादा समय तक जीते हैं।
शोधकर्ताओं ने मरीजों के पिछले दो साल के मेडिकल रिकार्ड की तुलना करने के बाद पता लगाया कि शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी प्रतिकूल परिस्थितियों में ऊर्जा स्रोत के रूप में काम करती है। इसके कारण अधिक वजन वाले लोगों की उम्र ज्यादा होती है।
शोधकर्ता अब्राहम वीस और उनके दल ने पाया कि एक उम्र के बाद ज्यादा बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) से कोई नुकसान नहीं है, बल्कि यह एक तरह से जिंदगी को सुरक्षित बनाता है। वीस ने बुजुर्ग लोगों के लिए वजन पर आधारित अंतरराष्ट्रीय मापदंडों में बदलाव का सुझाव भी दिया है।