HomeNewsNational National

आतंकी निशाने पर मोदी‍‍‍‍-मायावती

अहमदाबाद.गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर आत्मघाती हमले की आशंका को देखते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रविवार को उत्तरप्रदेश में लखनऊ-बाराबंकी सीमा पर पुलिस ने लश्करे तैयबा के दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। माना जा रहा है कि मायावती इन आतंकियों के निशाने पर थीं। उधर असम में आतंकी हमले की आशंका से हाई अलर्ट घोषित किया गया है।

नक्शा व हथियार मिले : उत्तरप्रदेश एसटीएफ के एडीजीपी बृजलाल ने बताया कि मारे गए आतंकियों के पास से मुख्यमंत्री निवास का नक्शा, 10 हैंड ग्रेनेड, दो एके-47 राइफल, आत्मघाती बेल्ट समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। दोनों पर शक है कि वे पाकिस्तानी नागरिक हैं। नेपाल के रास्ते से भारत में घुसने वाले इन आतंकियों पर पुलिस की निगाह पहले से ही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि शनिवार को पुलिस ने बाराबंकी रेलवे स्टेशन से ‘हूजी’ के दो आतंकियों खालिद और तारिक को विस्फोटक समेत पकड़ा था।

मोदी की सुरक्षा : नरेंद्र मोदी पर फिदायीन हमले की आशंका जाहिर करते हुए केंद्र ने राज्य सरकार से उनकी सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा है। मोदी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। गुजरात पुलिस के कमांडो भी उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं।

बम की सूचना पर मॉल खाली कराए : गुड़गांव में एमजी रोड पर स्थित दो शापिंग मॉल में रविवार को बम की सूचना पर पुलिस ने उन्हें ऐहतियातन खाली करवा लिया। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो और पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली।

शिलांग में सुरक्षा बढ़ाई : आतंकी संगठन बब्बर खासला इंटरनेशनल के कथित स्वयंभू कमांडर द्वारा एक अंग्रेजी दैनिक को भेजे गए ईमेल के बाद शिलांग में भी ऐहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल में राज्य के प्रमुख संस्थानों पर विस्फोटों की धमकी दी गई है।

कामाख्या मंदिर पर हमले की आशंका
गुवाहाटी. गुप्तचर संगठनों द्वारा असम के विश्वप्रसिद्ध कामाख्या मंदिर और अन्य धार्मिक स्थानों पर आईएसआई व अलकायदा के हमलों की आशंका जताने के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। सूत्रों के अनुसार, कामाख्या मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इससे पहले अल कायदा ने राज्य में भाजपा इकाई के अध्यक्ष रामेन देका और ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन के सलाहकार समुज्जल भट्टाचार्य की हत्या की धमकी दी थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: