लखनऊ . उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रविवार को मुठभेड़ में 2 पाकिस्तानी आतंकवादी मार गिराए। एसटीएफ को ऐसी सूचना मिली थी कि नेपाल के रास्ते एक फिदायीन दस्ता भारत में घुसा है और वह बड़ी वारदात के लिए लखनऊ की ओर आ रहा है। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने आज सुबह घेराबंदी की और मुठभेड़ में दोनों को मार गिराया।
एसटीएफ के आईजी बृजलाल ने बताया कि बाराबंकी की ओर से एक सफेद रंग की गाड़ी में आ रहे 2 आतंकवादी सुबह करीब 6 बजे चिनहट क्षेत्र में देवा रोड पर एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए।
बृजलाल ने बताया कि उनके पास से 2 ए.के. 47 रायफलें, 6 मैगजीन कारतूस, 10 हथगोले, आरडीएक्स से भरा एक सुसाइड बैल्ट , एक नक्शा आदि बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि नक्शा मुख्यमंत्री आवास का लग रहा है।