Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood एक साक्षात्कार की वजह से अमिताभ बच्चन और आमिर खान के बीच तकरार का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बॉलीवुड की दो हॉट नायिकाएं प्रियंका चोपड़ा और
करीना कपूर आमने-सामने आ गई हैं। हालांकि इन दोनों के बीच नरम-गरम संबंध तो पहले से ही चलते आ रहे हैं, लेकिन हाल में ही बात तब बिगड़ी जब करीना ने एक साक्षात्कार के दौरान प्रियंका को ‘अभिनेत्री’ मानने से इनकार कर दिया।
उनकी इस टिप्पणी से प्रियंका काफी खफा बताई जा रही हैं। प्रियंका के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका ने आज तक सार्वजनिक रूप से अपने साथी कलाकारों के बारे में अभद्र टिप्पणी नहीं की। यहां तक कि करन जौहर के शो ‘कॉफी विद करन’ में भी उन्होंने दूसरों के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ऐसे में आखिर करीना को उनके बारे में यह सब कहने की क्या जरूरत थी।
हालांकि प्रियंका और करीना के इस झगड़े को सुलझाने के लिए बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने पहल की है। गौरतलब है कि पहले भी शाहरुख ने स्टार प्लस के शो ‘कौन
बनेगा करोड़पति’ के एक स्पेशल एपिसोड में इन दोनों नायिकाओं को साथ आमंत्रित किया था और उनकी खातिर करीना व प्रियंका ने अपने गिले-शिकवे भुलाते हुए इसमें शिरकत की थी।
इसके अलावा शाहरुख के बंगले ‘मन्नत’ में हुई पार्टियों में भी ये दोनों तारिकाएं औपचारिकतावश एक-दूसरे से मिलती रही हैं। उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार भी किंग खान इन दोनों के मतभेद सुलझाने में कामयाब हो जाएंगे।