News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. स्वास्थ्य विभाग के आला अफसरों ने पं. जवाहर लाल नेहरु के डाक्टरों के तेवर को देखते हुए सैलरी का नया पैकेज तैयार कर लिया है। नए प्रस्ताव में
चिकित्सा शिक्षा के डाक्टरों (प्रोफेसर रैंक) को हर महीने 50 हजार सैलरी का प्रावधान रखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सैलरी पैकेज का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज भी दिया है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा। रायपुर मेडिकल कालेज के प्रोफेसरों, एसोसिएट प्रोफेसरों, अस्टिेंट प्रोफसरों व डिमास्ट्रेटरों को जितना वेतन मिल रहा है, उससे वेतन में लगभग 40 फीसदी इजाफा होगा। वेतन सीधे 40 प्रतिशत नहीं बढ़ाया गया है। कानूनी दांवपेंच से बचने के लिए कुछ नए अलाउंस जुड़े गए हैं तथा टीए-डीए में बढ़ोतरी की गई है।
एसोसिएट, असिस्टेंट प्रोफेसर व डिमास्ट्रेटरों की तनख्वाह भी उनके मौजूदा वेतन के हिसाब से 40 फीसदी बढ़ाने की सिफारिश की गई है। विभाग के जानकारों ने बताया कि सैलरी के नए पैकेज पर वित्त विभाग की मुहर लग जाने के बाद पूरे राज्य के मेडिकल चिकित्सा में वेतन एक समान हो जाएगा। रायपुर और बिलासपुर के अलावा जगदलपुर मेडिकल कालेज व शासकीय डेंटल कालेज में नियमित सेवाएं दे रहे डाक्टरों को एक जैसा वेतन मिलेगा। अभी रायपुर मेडिकल कालेज में सैलरी स्ट्रक्चर बिलासपुर के डाक्टरों से अलग है।
बिलासपुर मेडिकल कालेज सिम्स के डाक्टर विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित वेतनमान पा रहे हैं, जो रायपुर मेडिकल कालेज से अलग और ज्यादा है। जगदलपुर में इक्का-दुक्का डाक्टरों की नियुक्ति ही नियमित की गई है। कालेज के ज्यादातर डाक्टर संविदा नियुक्ति के तहत सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें एक लाख से 70 हजार तक वेतन दिया जा रहा है।
सैलरी पैकेज का फंडा
मेडिकल कालेज के डाक्टरों ने मौजूदा सैलरी स्ट्रक्चर से नाराज होकर 15 दिसंबर को तीन महीने की नोटिस के साथ सामूहिक इस्तीफा दिया था। इस्तीफे पर चिकित्सा शिक्षा संचालक डा. एसएल आदिले, डीन डा. सुबीर मुखर्जी और अस्पताल अधीक्षक डा. विवेक चौधरी तक ने प्रोफेसर की हैसियत से हस्ताक्षर कर दिया है। उसके बाद से ही स्वास्थ्य विभाग चिंतित है।
रायपुर मेडिकल कालेज का मौजूदा वेतन
पदनाम- प्रतिमाह सैलरी
1. प्रोफेसर- 32 हजार(लगभग)
2. एसोसिएट प्रो.- 21 हजार
3. असिस्टेंट प्रो.- 18 हजार
4. डिमास्ट्रेटर- 12 हजार
बिलासपुर मेडिकल कालेज में वेतनमान
1. प्रोफेसर - 42 हजार
2. एसोसिएट प्रो.- 35 हजार
3. असिस्टेंट प्रो.- 28 हजार
4. डिमास्ट्रेटर- 22 हजार