अमृतसर.
17 दिसबंर : पुलिस चौकी से चंद कदम पहले एनआरआई महिला की लूट के दौरान मौत
18 दिसंबर : सदर थाना के बाहर पुलिस के सामने स्कूटर सवार दो युवकों नें गांव माहल की रहने वाली बलविंदर कौर का पर्स छीना
22 दिसंबर : एसएसपी कोठी के नजदीक तीन पुलिस कर्मचारियों के सामने बाइक सवारों ने रिक्शे पर जा रही महिला सिमरन कौर का पर्स छीना
ये तीन घटनाएं तो बानगी मात्र हैं। लुटेरों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि हर दूसरे दिन वह किसी न किसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इनमें भी उनके निशाने पर अधिकतर महिलाएं ही हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 22 दिनों में 13 लूट की वारदातें हुई हैं।
एसएसपी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने कुछ समय पहले शहर पर नजर रखने के लिए कैमरा गाड़ी शुरू की थी, जिसके जरिए उन्होंने आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने का दावा किया था। इसके तुरंत बाद ही उन्होंने क्राइम स्टॉपर विंग बनाया।
इस बारे में दावा यह किया गया कि यह वारदात के पांच मिनट के भीतर ही घटनास्थल पर पहुंच जाएगा। अब एक के बाद एक लूट की घटनाओं में न तो कैमरा वैन नजर आई और न क्राइम स्टॉपर विंग। एक-दो जगह क्राइम स्टॉपर पहुंचा भी तो काफी समय बाद।
इस बारे में पुलिस मुलाजिमों का कहना है कि अगर लूट संबंधी कानून सख्त हो तो इस पर रोक लग सकती है। वह लुटेरों को पकड़ते हैं और वे कुछ ही दिन में जमानत पर बाहर आकर फिर लूट करते हैं। इससे उनका हौसला पस्त होता है।
व्यापारी अनिल खुराना का कहना है कि पुलिस नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध लोगों के वाहनों के कागज के साथ-साथ उनकी तलाशी भी ले। उद्योगपति सुमित अरोड़ा का कहना है कि रात को पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए और जिन इलाकों में लूट की वारदातें अधिक होती हैं वहां सिविल कपड़ों में पुलिस मुलाजिम स्पीड बाइक पर रहें ताकि लुटेरों को पकड़ा जा सके।
जल्द ही काबू होगा सक्रिय लुटेरा गैंग: एसएसपी
एसएसपी कुंवर विजय प्रताप सिंह का कहना है कि सड़कों पर झपटमारी में अलग-अलग लोगों का हाथ नहीं है। ये सभी एक ही गिरोह के सदस्य हैं। इन्हें पकड़ने के लिए लोगों को भी जागरूक होना पड़ेगा।
लोग पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि अपने इलाके में लुटेरों के या उनके ठिकाने के बारे में उन्हें उनके मोबाइल 98140-85205 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पता गुप्त रखा जाएगा।
लुटेरों को स्मैक पहुंचाने वाला काबू
नारकोटिक्स सैल ने लुटेरों को स्मैक पहुंचाने वाले एक व्यक्ति को 100 ग्राम स्मैक के साथ काबू किया है। आरोपी वीडियो कोच बसों के जरिए स्मैक लाता था। इसके बदले वह रुपए और सोना लेता था। एसएसपी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स सैल को मुखबिर ने बताया कि चमरंग रोड में रहने वाला हरजिंदर लाल उर्फ बब्बी स्मैक का कारोबार करता है।
वह वीडियो कोच बसों के जरिए स्मैक लाकर लुटेरों को सप्लाई देता है। इसके बाद नारकोटिक्स सैल ने उसके कई ठिकानों पर रेड भी की लेकिन वह उनके हाथ नहीं लगा। इसके बाद मुखबिर ने फिर सूचना दी कि आरोपी सुल्तानविंड इलाके में सप्लाई देने आया है। टीम ने सिविल कपड़ों मे इलाके की गश्त शुरू की।
इसी दौरान उसके ठिकाने का पता चलते ही वहां रेड कर उसे काबू कर लिया गया। उसके कब्जे से 100 ग्राम स्मैक भी बरामद हुई। बब्बी ने पूछताछ में बताया कि स्मैक लाने के लिए वीडियो कोच सबसे सेफ थी। किससे स्मैक लाता था और किस लुटेरा गिरोह के साथ उसके संबंध हैं इस बारे बब्बी से पूछताछ की जा रही है।