पटियाला. पाकिस्तान की रिपोर्टर व पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की कथित प्रेमिका अरुसा आलम के पटियाला पहुंचने की खबर को लेकर शहर में दिनभर अफवाहों का बाजार गरम रहा। सूत्रों के अनुसार वह लग्जरी गाड़ी में मोती महल पहुंचीं। उनके पटियाला पहुंचने की खबर लीक होने से मीडियाकर्मियों का मजमा महल के बाहर लग गया।
इसके चलते वह कुछ समय बाद ही कैप्टन के हिमाचल प्रदेश के डोची स्थित फार्म हाउस के लिए रवाना हो गईं। इससे पहले अरुसा कैप्टन अमरिंदर की बीमार मां महिंदर कौर का हालचाल जानने चंडीगढ़ भी पहुंची थीं।
पौने पांच बजे पहुंचीं
अरूसा को मोती महल दोपहर को पहुंचना था, लेकिन वह शाम करीब पांच बजे पहुंचीं। काले रंग की लैक्सस लक्जरी गाड़ी ठीक पौने पांच बजे महल के बाहर पहुंची। उसे देखते ही मीडियाकर्मियों ने उसे घेर लिया। गाड़ी के कांच काले होने के कारण यह पता नहीं चल पाया कि उसके अंदर कौन बैठा है। महल के सुरक्षाकर्मियों ने जांच-पड़ताल के बाद गाड़ी को अंदर जाने दिया।
काफी समय बाद गाड़ी का एक गेट खुला और उसमें से अरूसा का सामान बाहर निकला गया। सामान पर पाक इंटरनैशनल एयर का टैग लगा हुआ था और उस पर अरूसा का नाम अंकित था। सामान को सुरक्षाकर्मियों ने महल के अंदर भिजवाया। काफी प्रयास के बाद भी यह पता नहीं चला कि उस गाड़ी में से कौन-कौन उतरे।
वहीं सूत्र बताते हैं कि उस गाड़ी से अरूसा उतरी थीं पर कुछ समय बाद ही वह महल से रवाना हो गईं। बताया जाता है कि डोची में कैप्टन का फार्म हाउस है और वह अब अपना कुछ समय वहीं व्यतीत करेंगी। सूत्र बताते हैं कि कैप्टन भी चंडीगढ़ से डोची के लिए रवाना हुए हैं।
मोबाइल अटैंड नहीं किया कैप्टन ने
इस पूरे मामले को लेकर हमने कैप्टन अमरिंदर सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया पर उनसे कांटैक्ट नहीं हो पाया। एक-दो बार तो उनके मोबाइल पर बैल भी गई पर उन्होंने मोबाइल अटैंड नहीं किया।