बीकानेर. शहर की सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को एक बार फिर से दुरुस्त करने की कवायद शुरू हुई है। एक निजी कंपनी ने नगर परिषद की प्रकाश व्यवस्था को पूरी
तरह से दुरुस्त करने के लिए अपनी तरफ से प्रस्ताव दिया है।
इस प्रस्ताव के तहत निजी कंपनी सारे शहर की प्रकाश व्यवस्था को अपने जिम्मे ले लेगी। राज्य सरकार की प्रकाश नीति के तहत सारे शहर में रोशनी करने का जिम्मा इस कंपनी का रहेगा।
कंपनी का दावा है कि उसके द्वारा की जाने वाली व्यवस्था के आधार पर बिजली के बिल में 30 प्रतिशत तक की कमी आ जाएगी लेकिन कंपनी की यह शर्त है कि बचने वाली राशि पर उसी का हक होगा। कंपनी का प्रस्ताव है कि अगर 30 फीसदी राशि तक की बचत को नगर परिषद कंपनी को देना स्वीकार करे तो शहर की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सकता है।
इस कंपनी का कहना है कि अगर वर्तमान बिल में तीस प्रतिशत से अधिक बचत होगी तो उस पर नगर परिषद का अधिकार होगा लेकिन इस प्रस्ताव को मानने के बाद नगर परिषद का कोई भी दबाव कंपनी पर नहीं होगा। कंपनी प्रकाश नीति के नियमों के आधार पर सारे शहर में प्रकाश करने के लिए बाध्य होगी।
विशेष परिस्थितियों आदि के लिए कंपनी ने पांच प्रतिशत कार्य अधिक करने की स्वीकृति दी है। कंपनी का कहना है कि अगर जरूरत हो तो उपयुक्त सिफारिश के आधार पर पांच प्रतिशत अधिक बिजली की व्यवस्था की जा सकती है।
कंपनी ने शहर की प्रकाश व्यवस्था का संधारण अपने स्तर पर करने के लिए इन शर्तो के आधार पर प्रस्ताव दिया है। कंपनी के इस प्रस्ताव पर प्रारंभिक रूप से सकारात्मक नजरिया अपनाते हुए नगर परिषद ने अपने दो कर्मचारियों को कंपनी का कामकाज देखने के लिए जयपुर भेजा है। कंपनी की ओर से जयपुर में किए जा रहे कामकाज को देखने के लिए गए इन कर्मचारियों की रिपोर्ट के आधार पर विचार होगा।