News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
रविवार रात को शराब का सुरूर कुछ ऐसा चढ़ा कि पुलिस के डंडे पर दारू भारी पड़ी। पियक्कड़ों ने पुलिस को दो जगह पीटा। शाम को सेक्टर-22 के अहाते में पुलिस पिटी और रात को जीएमएसएच -16 की इमरजेंसी में भी।
स्टूडेंट्स ने किया हमला
सेक्टर-22 में पुलिस चौकी के साथ लगते अहाते पर स्टूडेंट्स ने वहां तैनात बीट स्टाफ पर ही हमला कर दिया। रविवार रात करीब 8 बजे सेक्टर-22 में चौकी के साथ लगते अहाते में मौजूद कुछ लड़के नशे में आपस में भिड़ गए। अहाते के कर्मचारी दीपू ने पुलिस चौकी में खबर दी। दो कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और लड़कों को रोकने की कोशिश की।
यह कोशिश तब भारी पड़ी जब, लड़कों ने आपसी लड़ाई छोड़कर कांस्टेबलों पर ही हमला कर दिया। अचानक हुए हमले की उम्मीद पुलिस वालों को नहीं थी और उनके पास मौके से जान बचा कर भागने के अलावा दूसरा चारा भी नहीं था।
हालांकि बाद में दोनों कांस्टेबल अपने साथ चौकी से कुछ और जवानों को लेकर आए और सभी लड़कों को चौकी ले गए। पुलिस ने चार लड़कों के खिलाफ शराब पीकर पुलिस के कार्य में बाधा डालने का मामला किया है। लड़कों की पहचान रोपड़ के निशांत, मनाली के राहुल, दिल्ली के निखिल और रोहतक के मुनीष के रूप में हुई है। चारों रयात के स्टूडेंट हैं।
रविवार रात 10 बजे सेक्टर-17 पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल सतवंत सिंह मेडिकल के लिए रविंद्र सिंह को लेकर जीएमएसएच-16 पहुंचे। रविंद्र ने जमकर शराब पी रखी थी और पब्लिक प्लेस पर हुड़दंग मचा रहा था।
अस्पताल की इमरजेंसी में भी उसका सुरूर कम नहीं हुआ और उसने हेड कांस्टेबल सतंवत सिंह को इमरजेंसी में ही सरेआम पीटना शुरू कर दिया। बीचबचाव करने आए चौकी इंचार्ज एसआई राम रतन के साथ भी धक्कामुक्की की। पुलिस के जवानों और अस्पताल के स्टाफ ने मिलकर रविंद्र को काबू किया।
हेड कांस्टेबल सतवंत की नाक में गहरी चोट आई है। बाद में हेड कास्ंटेबल सतवंत सिंह को इसी अस्पताल में खुद का इलाज करवाना पड़ा। आरोपी के खिलाफ देर रात मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया था।
>> ऐसे घटनाएं कभी-कभार होती हैं। जिन्होंने पुलिस पर हाथ उठाया है उनके खिलाफ क्रिमिनल केस और सरकारी मुलाजिम की ड्यूटी में बाधा डालने के मामले दर्ज किए जाएंगे। पुलिस को ऐसी किसी घटना की एडवांस में जानकारी नहीं होती। हर जगह पर ज्यादा फोर्स लेकर जाना मुमकिन नहीं है।
अतर सिंह अहलावत, एसएसपी (कार्यकारी), चंडीगढ़