हिसार. रविवार को डिफेंस कॉलोनी के साथ लगते जवाहर नगर क्षेत्र में हाई वोल्टेज के तीन तार टूटकर मकानों पर गिर गए। हालांकि इससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ लेकिन शिकायत के दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों को नाराज लोगों ने करीब 2 घंटे तक तार नहीं जोड़ने दिया।
क्षेत्रीय निवासियों के मुताबिक ब्लूमिंग डेल स्कूल के पास लगते क्षेत्र में एक बंदर इन तारों पर कूद गया, जिससे शार्ट होने से तार टूटकर नीचे गिर गए। इस हादसे में बंदर तेज करंट लगने से झुलस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। तार छत पर गिरने से दीवारों में हलका करंट भी महसूस किया गया।
घटना के बाद लोग अपने घरों से बाहर आ गए और इसकी सूचना बिजली निगम को दी। निगम के अधिकारी व कर्मचारियों के मौके पर पहुंचने पर लोगों ने रोष जताया और 2 घंटे तक लाइन ठीक नहीं करने दी।
दरअसल, तार टूटने की सूचना देने के दो घंटे तक मौके पर किसी बिजली कर्मी के नहीं आने से लोगों में रोष व्याप्त हो गया। इस कारण से लोगों ने 2 घंटे तक उनको टूटे तार नहीं जोड़ने दिए और तारों को यहां से शिफ्ट करने की मांग की।
बिजली निगम ने कानून का उल्लंघन करने की जानकारी दी
मौके पर पहुंचे निगम के उप महाप्रबंधक केडी बंसल ने लोगों को बिजली अधिनियम कानून तोड़कर हाई वोल्टेज तार के नीचे मकान बनाने की बात कही और यहां के लोगों को इस बाबत नोटिस जारी करने की बात भी बताई।
बंसल व स्थानीय लोगों के बीच बातचीत के बाद यह तय हुआ कि क्षेत्र के लोग लाइन शिफ्ट करने पर आने वाले खर्च की राशि बिजली निगम में जमा करा देंगे और निगम तार को मकानों के ऊपर से हटा देगा।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
इस क्षेत्र से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से पहले भी दो हादसे हो चुके हैं और इसमें एक व्यक्ति की जान जा चुकी है तथा एक व्यक्ति घायल हो चुका है। लोगों ने बिजली अधिनियम का उल्लंघन करके हाई वोल्टेज तार के नीचे मकान बनाए हुए हैं। उन्हें इस संबंध में नोटिस भी दिए जा चुके हैं।
>> रविवार को हुई घटना के बाद यहां के लोगों ने लाइन शिफ्ट करने के लिए बिजली निगम में खर्च जमा कराने की बात कही है। खर्च जमा होने के बाद लाइन शिफ्ट कर दी जाएगी।
-केडी बंसल, उपमहाप्रबंधक, डीएचबीवीएन
ग्रामीणों ने लगाया जाम
बरवाला.
खरक पूनियां गांव में बिजली के हाई वोल्टेज तार के करंट से तीन भैंसों की रविवार को मौत हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए एक घंटे से अधिक समय तक हांसी-जींद मार्ग जाम कर दिया।
किसान सतबीर रविवार सुबह अपनी पांच भैंसों को तालाब पर पानी पिलाने जा रहा था। इस दौरान रास्ते में हाई वोल्टेज तार टूट कर भैंसों पर गिर गए। तार की चपेट में आई तीन भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो र्गई। ग्रामीणों ने इन भैंसों की मौत के लिए बिजली निगम को दोषी ठहराया है।
उनकी शिकायत है कि गांव के बीचोबीच गुजरने वाले बिजली के जर्जर तार बदलने की कई बार मांग की जा चुकी है लेकिन बिजली निगम ने हमेशा लापरवाही बरती। इसी का नतीजा है कि सतबीर की तीन भैंस काल का ग्रास बन गईं। ग्रामीणों ने बताया कि इन तारों के नहीं बदलने से यह हादसा हुआ है। किसान सतबीर के परिवार के आय का यही प्रमुख साधन था, इस घटना से उसके सामने रोजी-रोटी का संकट मंडरा गया है।
बाद में ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और हांसी-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही बिजली निगम के एसडीओ गोबिंदराम बांगा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि पीड़ित किसान की हरसंभव सहायता की जाएगी और जल्द जर्जर तार बदल दिए जाएंगे।