मुंबई.आज सुबह से सेंसेक्स में जारी बढ़त कारोबार की समाप्ति तक बनी रही। चौतरफा खरीददारी के कारण बांबे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 691.55 अंकों की बढ़त के साथ 19854.12 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में आज बढ़त का रुख रहा। निफ्टी 218.69 अंकों की बढ़त के साथ 5985.10 अंकों के स्तर तक आ गया है।
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक अमेरिका सहित विश्व के अन्य शेयर बाजारों में बीते सप्ताहांत आई बढ़त को देखते हुए तेजी का माहौल तैयार हो गया था। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के फिर से सत्तारूढ़ होने से केंद्र में राजनीतिक अनिश्चितता का दबाव कम होने के साथ ही अमेरिकी अर्थव्यवस्था की मंदी की चिंता घटने का असर भी बाजार पर दिखा। सत्र के शुरू से ही मजबूत खुले बाजार ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
सेंसेक्स में शामिल तीस शेयर में से विप्रो, इंफोसिस, एचडीएफसी, सत्यम कम्प्यूटर, रिलायंस एनर्जी, भारती एयरटेल, टीसीएस, भेल, महिंन्द्रा एंड महिन्द्रा और ओएनजीसी के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त पर बंद हुए। यहां बजाज ऑटो, मारुति सुजुकी और एसीसी लिमिटेड के शेयर गिरावट पर रहे।