bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

अब छत्तीसगढ़ में रणभेरी

रायपुर. गुजरात के नतीजों से जोश में आई भाजपा ने छत्तीसगढ़ में भी आक्रामक प्रचार की रणनीति पर काम शुरू कर दिया। रविवार को भाजपा नेताओं की अचानक बैठक बुलाई गई, जो एकात्म परिसर में आधी रात तक चली। बैठक में तय किया गया कि तीन रुपए किलो में चावल वितरण की योजना के साथ छत्तीसगढ़ में चुनावी रणभेरी बजाई जाए।

राज्यभर में इसका राजनीतिक संदेश जाए, इसलिए पूरे प्रदेश में दिग्गज भाजपा नेताओं की बड़ी-बड़ी सभाएं लेने का निर्णय लिया है। रमन सरकार के इस महाआयोजन में पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पूर्व अध्यक्ष वेंकैया नायडू, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, रविशंकर प्रसाद और अनंत कुमार जैसे दिग्गज आएंगे।

भाजपाशासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी रहेंगे। सभी नेताओं की अलग-अलग जिलों में सभाएं होंगी। श्री आडवाणी अंबिकापुर जाएंगे। राजनाथ सिंह बिलासपुर और नरेंद्र मोदी रायपुर में रहेंगे। वेंकैया की सभा जगदलपुर में कराई जाएगी। सभी मुख्यमंत्रियों को भी अलग-अलग जिला मुख्यालयों में भेजा जाएगा। यह योजना 18 में से 16 जिलों में लांच की जाएगी। बीजापुर और नारायणपुर में सभा नहीं होगी।

बताते हैं कि मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने गरीबों को चावल देने की योजना की भव्य लांचिंग के इरादे से आलाकमान को पहले ही अवगत करा दिया था। राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह के रायपुर आते ही इसपर अमल शुरू हो गया।

बैठक में मुख्यमंत्री और सहसंगठन मंत्री के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, गृहमंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री अजय चंद्राकर और प्रदेश महामंत्री धरम कौशिक भी शामिल हुए। इस बारे में कल-परसों और बैठक होगी।

समय से पहले चुनाव? : अचानक भाजपा कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक होने से राजनीतिक हलकों में चर्चा होने लगी कि छत्तीसगढ़ में समय से पहले चुनाव कराए जा सकते हैं। हालांकि भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव समय पर कराए जाएंगे।
मोदी की सभा के पीछे
गुजरात में भले ही विकास के नाम पर जीत का प्रचार हुआ हो, लेकिन माना जा रहा है कि नरेंद्र मोदी के उग्र हिंदुत्व का फंडा चला है। सूत्रों का कहना है कि रायपुर में श्री मोदी की सभा कराने का उद्देश्य यही है कि इस संदेश को राज्यभर में फैलाया जाए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: