bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

अब कभी चुनाव नहीं लड़ पाएंगे नवाज शरीफ

इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर आम चुनावों में हिस्सा लेने व कोई भी सार्वजनिक पद ग्रहण करने पर स्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल मलिक कय्यूम ने यह घोषणा की।

गौरतलब है कि आगामी आठ जनवरी को होने वाले आम चुनावों के लिए शरीफ के साथ उनके भाई और पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ की उम्मीदवारी पहले ही निरस्त कर दी गई थी।

चुनाव अधिकारियों ने जहां शरीफ के नामांकन को 2000 में उन पर लगे आतंकवाद व अपहरण के आरोपों के चलते खारिज किया है, वहीं शाहबाज को 1998 में पांच लोगों की हत्या के आरोपों के आधार पर चुनाव से रोका गया है।

शाहबाज की पात्रता के बारे में कय्यूम ने कहा कि उनका अपराध साबित नहीं हुआ है, लेकिन उनके खिलाफ कई प्रकरण अब भी विचाराधीन हैं। शरीफ बंधुओं ने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करते हुए चुनाव आयुक्त से दो बार मुलाकात भी की थी। उन्होंने, उन्हें निर्वाचन न्यायाधिकरण के समक्ष अपील करने के निर्देश दिए, लेकिन शरीफ बंधुओं ने आपातकाल के दौरान मुशर्रफ द्वारा नियुक्त किए गए जजों के किसी भी न्यायाधिकरण के सामने अपील करने से इनकार कर दिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: