नई दिल्ली. भारत-अमेरिकी परमाणु करार की तर्ज पर अब भारत और फ्रांस के बीच भी वैसे ही समझौते पर सहमति के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। यह जानकारी भारत यात्रा पर आए फ्रांस के विदेश मंत्री बर्नार्ड कोशनर ने सोमवार को दी।
उन्होंने कहा कि इस बारे में राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की 24 जनवरी को होने वाली भारत यात्रा के दौरान चर्चा होगी। इस अनुबंध पर अंतिम निर्णय अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) से हरी झंडी मिलने के बाद लिया जाएगा। सरकोजी अपनी चार दिनों की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात करेंगे।
कोशनर ने बताया, ‘अनुबंध के मसौदे पर काम चल रहा है, हम इस पर हस्ताक्षर नहीं कर सकते हैं, लेकिन इसे अंतिम रूप तो दे सकते हैं।’
गौरतलब है कि फ्रांस 45 देशों के परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में एक प्रमुख देश है। वह भारत को इस क्षेत्र में सहयोग देने पर सहमत हुआ है।