News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सोमवार को गड़रिए प्रभु यीशु के जन्म का संदेश देते घूमते रहे, कैरोल सिंगिंग का दौर जारी रहा। शाम से क्रिसमस यानी बड़े दिन की तैयारियां शुरू हो गईं। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर मसीहीजनों ने एक-दूसरे को गिफ्ट देकर क्रिसमस की बधाइयां दीं। मंगलवार को शहर के सभी चर्चो में सुबह विशेष आराधना की जाएगी। युवा कैरोल सिंगिंग कर क्रिसमस के पूर्व प्रभु ईशु मसीह के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
युवाओं का दल मसीही गीत गाते लगातार तीन रात से मसीहीजन के घर-घर पहुंच रहा है। लोग उन्हें नेग देकर विदा करते हैं। क्रिसमस 25 दिसंबर को है। पास्टर संडे से मसीही समुदाय द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए गिरजाघरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। क्रिसमस डे पर चर्चो में सुबह 9 बजे से विशेष प्रार्थना सभा शुरू हो जाएगी। इधर गिफ्ट के बाजार में भी काफी रौनक रही।
सोमवार को बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचे। सांताक्लाज की आकृति वाले पुतले आकर्षण के केंद्र थे। इसके अलावा क्रिसमस ट्री और क्रास जैसे सदाबहार आइटमों की धूम मची। क्रिसमस की शुभकामना संदेश वाले आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड्स के अलावा इस बार बाजार में क्रिसमस एसएमएस बुक भी खूब बिकी। कपड़ा, क्रिसमस ट्री, सांताक्लाज, ड्रेस व केक की खरीदारी शबाब पर रही। बड़े दिन के लिए सबसे अधिक डिमांड क्रिसमस ट्री की रही, जो बाजार में हर साइज व कीमत में मिल रही है।
सजाने के लिए डेकोरेटिव लाइट, स्टार, मूर्तियां, बेल्स व गिफ्ट की खरीदी के लिए दुकानों में भीड़ लगी रही। मसीही समुदाय के लोगों ने अपने घरों की आकर्षक साज-सज्जा की है। विद्युत बल्बों की झालर व आकाश दीपों की जगमगाहट से क्रिसमस पर्व की खुशी का अहसास हो रहा है। क्रिसमस पर्व मनाने के लिए चर्चो को आकर्षक रोशनी व पंडालों से सजाने का सिलसिला सोमवार की शाम तक चलता रहा। चर्चो का रंग-रोगन किया गया है। शहर में करीब 45 चर्च हैं।
सर्वाधिक 112 वर्ष पुराने डिसाईपल्स चर्च आफ ख्राइस्ट, सिविल लाइन में तीन पालियों में आराधना होगी। 25 दिसंबर को ईसाई समुदाय के बच्चे प्रभु के जन्मदिन पर स्वागत गीत गाएंगे। इसकी तैयारी को भी अंतिम रूप दिया गया। क्रिसमस ईव पर मसीहीजन अपने रिश्तेदारों व परिचितों के घरों तक पहुंचे और उन्हें गिफ्ट, क्रिसमस ट्री आदि देकर क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। यह सिलसिला सोमवार की शाम से देर रात तक चलता रहा।
घर लौटे परदेसी, बाहर भी सेलिब्रेशन: शहर मसीहीजन की खासी संख्या होने के कारण यहां एक सप्ताह पहले से ही क्रिसमस पर्व की धूम शुरू हो गई है। बाहर रहने वाले लोग क्रिसमस मनाने के लिए घर लौट आए हैं तो दर्जनों लोग इस खास दिन के लिए गोवा व अन्य जगहों पर या रिश्तेदारों के घर गए हैं। देश के दूसरे शहरों में रहकर नौकरी या अन्य कार्य करने वाले यहां के मसीही लोग इस पर्व के दौरान अपने घर आना पसंद करते हैं।
प्लम केक तैयार: प्लम केक, पेस्ट्री और बेकरी आइटम न हों तो क्रिसमस सेलिब्रेशन अधूरा माना जाता है, लिहाजा घरों में महिलाएं इन्हीं तैयारियों में जुटी रहीं। स्पेशल प्लम केक बनाने के लिए 45 दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर ली जाती है।
रम, वाइन, बीयर व ब्रांडी में सभी प्रकार के ड्राइ फ्रूट्स, नीबू व संतरे के छिलके को 45 दिनों तक भिगोकर रखा जाता है। इसके अलावा रम, आरेंज, स्पंज, बटर स्काच, ब्लैक फारेस्ट, स्ट्राबेरी, पाइनेपल केक्स की भी काफी मांग होती है। क्रिसमस पर घर आए मेहमानों की खातिरदारी डोनट्स व ड्राईफ्रूट्स से भी की जाएगी।
गिरजाघरों में आराधना और गीत-संगीत: चर्चो में क्रिसमस की विशेष आराधना की शुरुआत सुबह से हो जाएगी। डिसाईपल्स चर्च आफ ख्राइस्ट सिविल लाइन में सुबह 8 बजे चर्च आफ नार्थ इंडिया की आराधना सभा होगी। इसमें पादरी अनिल चौहान व संचालक विल्सन लाल होंगे। राजेश मसीह, शैलेंद्र वाल्टर, अनुधा विलियम द्वारा गीत-संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इसी चर्च में सुबह 10.15 बजे पादरी एस. नथानियल की अगुवाई में क्रिसमस संदेश पढ़ा जाएगा।
गीत-संगीत अलेक्जेंडर पाल, अभिनव पाल व विकास डेनियल पेश करेंगे। इसके बाद 11.30 बजे बर्डे ग्रुप के सदस्य एनआर बर्डे की अगुवाई में यीशु की आराधना करेंगे। पादरी एडमंड पटेल व पादरी जान संदेश पढ़ेंगे। 100 वर्ष पुराने सेंट आगस्टीन चर्च, तारबाहर में सुबह 9 बजे पादरी अंजना नाथ व श्रीमती थियो बर्डे द्वारा संदेश पढ़ा जाएगा।
इसके अलावा चर्च आफ ख्राइस्ट कुदुदंड में आरसी फ्रेंकलिन, एनईदास, विलीवर्स चर्च मंगला में पादरी रेजी जार्ज, एडमंड पटेल और माथोमा चर्च नेहरू नगर में थामस बी. संदेश सुनाएंगे। यहां सुनिधि मैथ्यू व डा. शैला फिलिप की अगुवाई में गीत-संगीत का कार्यक्रम होगा।
चर्च आफ नार्थ इंडिया सीएमडी चौक में पास्टर डेंजिल, सुनील लीलाधर, सुदेश पाल, डिसाईपल्स चर्च आफ ख्राइस्ट तारबाहर में पादरी अनिल आफना, सतीश सिंह, अनिल कुमार, चर्च आफ नाजरीन जरहाभाठा में पास्टर मनोहर मसीह संदेश सुनाएंगे। इसके अलावा सेंट पलोटी चर्च, सेक्रेड हार्ट चर्च सहित सभी चर्चो में होने वाली आराधना सभाओं में हजारों मसीहीजन जुटेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाइयां: नगरीय निकाय, वाणिज्यिक कर व स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल ने मसीहीजनों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा है कि प्रभु यीशु द्वारा दिया गया शांति, एकता व भाईचारे का संदेश आज के समय में प्रासंगिक है। इन संदेशों को आत्मसात करने की जरूरत है। महापौर अशोक पिंगले, कांग्रेस नेता फिरोज कुरैशी, राधेभूत ने मसीहीजनों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
कैरोल गीतों की गूंज
मसीही युवक-युवतियों की टोलियों ने डफली के थापों पर प्रभु की आगमन संदेश, कैरोल संगीत और प्रभु के जन्मोत्सव के पारपंरिक गीतों के माध्यम से घर-घर जाकर संदेश दिया। इन गीतों के माध्यम से प्रभु के आने का संदेश दिया जाता है। शहर में सभी चर्चो की अलग-अलग टोलियां निकलती हैं। बड़े वाहन में माता मरियम की गोद में यीशु और सांताक्लाज की झांकी सजाकर युवा कैरोल गीत गाते हुए घूमते हैं।