जयपुर. प्रदेश में कुछ स्थानों पर रविवार को हुई मावठ के बाद खिली धूप ने सर्दी से राहत दी है। सोमवार को सभी शहरों का न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री बढ़ गया। जयपुर में तेज धूप के कारण दिन में पारा 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे दिन में गर्मी का अहसास हुआ।
प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार मौसम तंत्र में आए बदलाव के कारण बाड़मेर, जोधपुर, अजमेर में मावठ हुई थी। इसके बंद होते ही तेज धूप खिली।हवा का रुख बदलने से राज्य में उत्तरी हवाओं का प्रवेश नहीं हो रहा है, जिससे तापमान नहीं गिरा।