श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के कुलगाम में पांच नागरिकों को बंदी बनाकर कल से एक मस्जिद में छिपे हिज्बुल मुजाहिदीन के तीन आतंकवादी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड में मारे गए। सभी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुलगाम जिले के पलिनू की मस्जिद में छुपे इन आतंकवादियों से आत्मसमर्पण करने को कहा गया था जिसे उन्होंने मानने से इंकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया जिस पर आतंकवादियों ने बाहर आकर जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवायी में तीनों आतंकवादी मारे गए। मृतकों में हिज्बुल का एक कमांडर भी शामिल है।
आतंकवादियों द्वारा बंदी बनाए गए सभी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इसमें मस्जिद को कोई नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।