मुंबई.आइटम गर्ल राखी सावंत ने ‘नच बलिए-3’ प्रतियोगिता में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मंगलवार को ओशिवारा पुलिस स्टेशन में स्टार प्लस चैनल
के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। राखी और उनके जोड़ीदार अभिषेक अवस्थी स्टार प्लस चैनल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के 22 दिसंबर को हुए फाइनल में आमिर अली और संजीदा शेख से मुकाबले में हार गए थे। विजेता का निर्धारण एसएमएस के द्वारा किया गया था।
राखी व अभिषेक ने इस मामले में चैनल पर उन्हें जानबूझकर हराने का आरोप लगाया है। मुंबई के एक समाचार पत्र ने इस बारे में एक रिपोर्ट छापी थी। राखी के सचिव मनोज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात को स्वीकार करते हुए कहा, ‘यह साइबर क्राइम का मामला है। हमने पुलिस और क्राइम ब्रांच से मामले की जांच करने की अपील की है। हम सच्चई को जनता के सामने लाना चाहते हैं’।
राखी के भाई राकेश सावंत ने कहा, ‘हमारे सभी दोस्तों ने हमें फोन करके शिकायत की कि राखी के पक्ष में उनके वोट को स्वीकार नहीं किया जा रहा है। हर कोई जानता है कि मेरी बहन एक स्टार है। यह हमारी इज्जत का सवाल है।’