HomeSportsFeature Feature

‘दादा’ बनाएंगे टेस्ट मैचों का शतक

क्रिकेट के मक्का लॉर्डस पर 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ शतक (131) के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ‘दादा’ बनाएंगे टेस्ट मैचों का शतकऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले ‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट से अपने कैरियर के टेस्ट मैचों का शतक पूरा करेंगे। टीम इंडिया के पूर्व कोच ग्रेग चैपल से विवाद और टीम से बाहर होने के बाद किसी ने भी सौरव के इस मुकाम तक पहुंचने की कल्पना भी नहीं की होगी, लेकिन अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और शानदार खेल के दम पर ‘बंगाल टाइगर’ ने न केवल टीम में वापसी की, बल्कि पिछले एक वर्ष में शानदार खेल दिखाकर अपनी वापसी को सार्थक साबित करने में भी सफल रहे हैं।

दो अन्य उपलब्धियां भी इंतजार में
कैरियर के सौवें टेस्ट में शतक जमाकर सौरव दो ओर उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। सौरव ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 टेस्ट रन पूरे करने से 156 और इस वर्ष टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से मात्र 103 रन दूर हैं।

99 टेस्ट, 6346 रन
सौरव अब तक 99 टेस्ट मैचों में 6346 रन अपने नाम कर चुके हैं, इसमें 15 शतक व 30 अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 239 रन है। जो उन्होंने इसी वर्ष पाकिस्तान के खिलाफ बेंगलूर टेस्ट में बनाया था।

इस मामले में दुर्भाग्यशाली रहे अजहर
सौ टेस्ट मैचों का आंकड़ा पार करने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन दुर्भाग्यशाली रहे। अजहर ने 1984 से 2000 के बीच भारत की ओर से 99 टेस्ट मैचों में 6215 रन बनाए थे। मैच फिक्सिंग मामले में नाम आने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अजहर पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया और वह कैरियर का सौवां टेस्ट खेलने से वंचित रह गए। अजहर 1990 से 1999 के बीच 47 मैचों में भारत के कप्तान रहे। इस दौरान टीम को 14 मैचों में जीत मिली और 14 में उसे पराजय का सामना करना पड़ा था। सबसे सफल कप्तान हैं गांगुली
सौरव गांगुली भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। 2000 से 2005 के बीच 49 मैचों में टीम की कमान संभालने वाले गांगुली भारत को 21 मैचों में जीत दिलाने में सफल रहे हैं। इस दौरान टीम को 13 मैचों में पराजय का समाना करना पड़ा था और 15 मैच ड्रा रहे थे।

ऑस्ट्रेलिया में गांगुली का प्रदर्शन
मैच- पारी- नाबाद- रन- औसत- उच्च- शतक- अर्धशतक
7- 12- 0- 461- 38.41- 144- 1- 2

गांगुली के रनों का सफर
मैच- रन
15- 1000
27- 2000
47- 3000
62- 4000
83- 5000
98- 6000

100 टेस्ट खेलने वाले अन्य भारतीय:
खिलाड़ी - मैच- रन/विकेट
सचिन तेंडुलकर- 142*- 11289
कपिल देव - 131- 5248/434
सुनील गावसकर- 125- 10122
अनिल कुंबले- 121*- 2240/584
दिलीप वेंगसरकर- 116- 6868
राहुल द्रविड़ - 115*- 9683

गांगुली के सौवें टेस्ट पर परिवार की प्रतिक्रिया
* सौरव का 100वां टेस्ट खेलना वाकई अद्भुत है। मैं आपको बताऊं की 1996 से आज तक सौरव में कोई परिवर्तन नहीं आया है। कम से कम अपने परिवार के लिए तो वह अब भी एक सरल व्यक्तित्व है। मुझे क्रिकेट देखना अच्छा लगता है, लेकिन मैं सौरव के साथ क्रिकेट के बारे में बात करना ज्यादा पसंद करती हूं।
सौरव की मां निरूपमा गांगुली

* सौरव को बचपन में फुटबॉल खेलना पसंद था। एक दिन वह मेरे साथ क्रिकेट के मैदान पर गया और उस दिन ने उसका जीवन बदल दिया। उसने जल्द ही बंगाल और फिर पूर्व क्षेत्र की टीम में जगह बना ली। मुझे इस बात पर विश्वास ही नहीं हो रहा है कि वह भारत की ओर से अपना सौवां टेस्ट खेलने वाला है। यह मेरे और हमारे पूरे परिवार के लिए सपना सच होने जैसा है।
सौरव के पिता चंडीदास गांगुली

* हमारी शादी के समय सौरव स्टार खिलाड़ी नहीं थे। वह बहुत ही साधारण और प्यारे व्यक्ति हैं। उनके साथ के कारण ही मैं नृत्य के क्षेत्र में कैरियर बनाने में सफल रही। उन्हें 100 वां टेस्ट खेलते हुए देखना मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
सौरव की पत्नी डोना गांगुली

साथी खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया
* मैं सौरव के खेल का प्रशंसक हूं। वह सोच समझकर खेलने वाला क्रिकेटर है। मैं उनकी किसी भी प्रकार की आलोचना से असहमत हूं। 100 वां टेस्ट खेलना उनके प्रदर्शन में निरंतरता, इच्छाशक्ति और संकल्प को दर्शाता है। हमारे लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट सौरव के सौवें टेस्ट के कारण ज्यादा महत्वपूर्ण है।
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर

* यह हम सभी के लिए खासतौर पर मेरे लिए काफी विशेष अवसर है। हम दोनों ने एक साथ अपना पदार्पण मैच खेला था। मुझे सौरव के साथ उनके सभी सौ टेस्ट मैचों में खेलने का मौका मिला है। उनके साथ खेलना गर्व, सम्मान और खुशी की बात है।
पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: