Sports
Other Sports Other Sports नई दिल्ली.
फिल्म अभिनेता शाहरुख खान फार्मूला-वन टीम ‘फोर्स इंडिया’ के स्टार प्रचारक होंगे। ‘फोर्स इंडिया’ के मालिक वाइन किंग विजय माल्या के अनुसार देश में फार्मूला रेस को लोकप्रिय बनाने के लिए बहुमाध्यम प्रचार कार्यक्रम की शुरुआत शीघ्र ही की जाएगी। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। मलेशिया से माल्या ने कहा कि शाहरुख खान ‘फोर्स इंडिया’ साथ जुड़ने की योजना से काफी उत्साहित हैं।
माल्या ने कहा, ‘इसके प्रचार-प्रसार के लिए हमने शाहरुख खान से बात की और उन्होंने कहा कि मुझे भारतीय होने का गर्व है और भारतीय फामरूला-वन टीम का प्रचार करना मुझे अच्छा लगेगा।’ उन्होंने कहा, ‘फार्मूला-वन में हम भारतीयता और भारतीय गौरव को स्थापित करना चाहते हैं। हमारी योजना यह प्रसार करना है कि भारत फार्मूला-वन में मजबूती से कदम रख चुका है।’
माल्या फार्मूला-वन टीम का मालिक बनने वाले पहले भारतीय हैं। इसके लिए उन्होंने अक्टूबर में ‘स्पायकर’ को 88 मिलियन यूरो (करीब 500 करोड़ रुपए) में खरीदा। टीम में भारतीय रेसरों को भी शामिल किया जाएगा और ‘फोर्स इंडिया’ इंटरनेशनल मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशसन (एफआईए) से अनुमोदित है।