नई दिल्ली. नए साल में आपका मोबाइल बिल काफी कम हो सकता है। संभव है कि कंपनियां असीमित बातचीत मुफ्त में देने लगें। अभी अपने नेटवर्क पर एक निश्चित राशि लेकर असीमित या सीमित मुफ्त बातचीत मुहैया कराई जाती है।
कैसे संभव होगा:
दूरसंचार क्षेत्र में कई कंपनियां उतरने वाली हैं। दूरसंचार मंत्रालय ने तय किया है कि नए साल में प्रतीक्षारत सभी कंपनियों को नियमों के तहत एलओआई (लैटर ऑफ इंटेंट) जारी कर दिया जाए, जिससे स्पेक्ट्रम आवंटन के बाद ये कंपनियां अपनी सेवाएं शुरू कर सकें। दूरसंचार राज्य मंत्री डा. शकील अहमद ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि पहले कंपनियों से जुड़ी अन्य औपचारिकताओं को जांचने-परखने का कार्य किया जाएगा।
आवेदन लंबित:
दूरसंचार विभाग के पास मौजूदा 22 सर्किल में मोबाइल सेवा शुरू करने के लिए लगभग तीन दर्जन नई कंपनियों के आवेदन लंबित है। नई दूरसंचार नीति में सर्किलों में ऑपरेटरों की संख्या को असीमित करने का निश्चय किया गया है। पहले यह संख्या 4 तक सीमित थी। कई सर्किल में दो दर्जन तक ऑपरेटर हो सकते हैं।
क्या होगा:
दूरसंचार विशेषज्ञ मान रहे हैं कि नए ग्राहक जुटाने और पुराने ग्राहकों को बनाए रखने के लिए कॉल दरें ना के बराबर हो सकती है।
कौन कतार में :
इन कंपनियों में वीडियोकॉन, जेएसडब्ल्यू पावर ट्रेडिंग कंपनी, ट्यूलिप आईटी सॉल्यूशंस, एटीएंडटी ग्लोबल नेटवर्क, मोजर बेयर, बाईसेल टेलीकाम, ए टेल, स्वान, पाश्र्वनाथ डेवलपर, डाटाकॉम सॅाल्यूशन्स, शिपिंगस्टॉप.कॉम, एलायंज इंफ्राटेक, एडोनिस प्रोजेक्ट्स, नहान प्रॉपट्रीज के नाम प्रमुख हैं। इनके अलावा टाटा टेलीसर्विसेस, रिलायंस कम्युनिकेशंस, स्पाईस, आईडिया ने भी गैर प्रतिनिधि रहित क्षेत्रों में सेवा शुरू करने के लिए आवेदन किया है। डेढ़ दर्जन से अधिक आवेदक ढांचागत निर्माण क्षेत्र की नामचीन बिल्डर कंपनियां हैं।
- दूरसंचार नियामक ट्राई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवंबर माह में देश में मोबाइल फोन धारकों की संख्या में 83 लाख नए ग्राहक जुड़े। कुल संख्या बढ़कर 22.55 करोड़ हो गई। - नवंबर में लैंडलाइन फोन धारकों की संख्या में 10,000 की कमी आई है और देश में लैंडलाइन धारकों की संख्या घटकर ३.९३ करोड़ रह गई। - नवंबर माह में देश में मोबाइल व लैंडलाइन फोन ग्राहकों की कुल संख्या बढ़कर 26.48 करोड़ हो गई है।