फुलबनी (उड़ीसा). उड़ीसा के कंधामाल जिले में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की हत्या और छह चर्चो व मंत्री के आवासों पर हमले के बाद चार कस्बों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हिंसा तब भड़की, जब धर्मातरण के विरोध में आंदोलन चला रहे विश्व हिंदू परिषद के नेता पर हमला किया गया। जिले में स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।
मंत्री के आवासों पर हमला : पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाराखंबा में हिंसक भीड़ ने एक युवक की हत्या कर दी। उपद्रवियों ने यहां से दस किलोमीटर दूर फिरिंगिया और नुआपादार गांवों में स्थित राज्य के इस्पात व खनन मंत्री पद्मनाभ बेहेरा के आवासों पर भी हमला किया।
थाने को किया आग के हवाले : संभागायुक्त सत्यव्रत साहू ने बताया कि क्षेत्र में सोमवार रात से तनाव था। इस दौरान छह चर्चो में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदातें हुई थीं। इनमें से ज्यादातर चर्च घास-फूस के छप्परों में चलाए जा रहे थे। एक थाने, पुलिस चौकी और एक पुलिस वाहन भी आग के हवाले कर दिया गया।
पुलिस को रोका : 80 वर्षीय विहिप नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती पर सोमवार रात कथित हमले के बाद सड़कों पर उतर आई भीड़ ने पुलिस को प्रभावित क्षेत्रों में जाने से रोका। साहू ने कहा, ‘बड़े पैमाने पर हिंसा फैलने के बाद जिला मुख्यालय फुलबनी, बालिगुडा, दारिंगीबाड़ी और ब्राह्मणीगांव में ऐहतियात के तौर पर कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।’ डीजीपी गोपाल नंदा ने कहा कि हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में अतिरिक्त बल भेजा जा रहा है।