Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
आमिर खान की बाल-मनोविज्ञान को दर्शाती हालिया रिलीज फिल्म ‘तारे जमीं पर’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। आमिर अपने इस पहले निर्देशकीय प्रयास की सफलता से काफी उत्साहित हैं और इसके बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश कर रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि फिल्म प्रदर्शित होने के बाद आमिर ने अपने समस्त परिचितों को एसएमएस कर फिल्म के बारे में प्रतिक्रिया देने के लिए कहा। इसी तारतम्य में उन्होंने शाहरुख खान को एसएमएस कर उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही।
जब जवाब नहीं आया तो आमिर ने शाहरुख को कुछ एसएमएस और भेज दिए। सूत्रों ने बताया, शाहरुख को जब आमिर का पहला एसएमएस आया तब उन्हें आश्चर्य हुआ।
उन्होंने फिल्म नहीं देखी थी, इसलिए जवाब नहीं दिया। दूसरे दिन आमिर के कई एसएमएस शाहरुख को आए। शाहरुख ने यह बात अपने दोस्तों को बताते हुए मजाकिया लहजे में कहा कि आमिर बेहतर अभिनेता हैं और हमेशा अच्छा काम करते हैं, लेकिन जहां तक बॉक्स ऑफिस की बात है तो वहां किंग खान का ही राज चलता है।
बहरहाल शाहरुख की तबियत ठीक न होने से वह फिल्म नहीं देख पाए हैं, लेकिन आमिर के लगातार आ रहे एसएमएस से वह फिल्म देखने के लिए वक्त निकालने की कोशिश कर रहे हैं। गौरतलब है कि बॉलीवुड के इन दोनों दिग्गज सितारों के हमेशा से ही खट्टे-मीठे संबंध रहे हैं।
फरहा खान ने अपनी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के गाने में आमिर को भी बुलाया था, लेकिन आमिर ने मना कर दिया था। आमिर से पिछले दिनों ‘ओम शांति ओम’ के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा था कि उन्होंने फिल्म देखी नहीं है इसलिए प्रतिक्रिया नहीं दे सकते और अब उन्हें अपनी फिल्म के लिए शाहरुख की प्रतिक्रिया का इंतजार है।